यूएस टैरिफ के बीच भारत का नया दांव : 40 देशों में ‘ब्रांड इंडिया’ अभियान
सरकार ने आउटरीच कार्यक्रम शुरू करने का किया ऐलान

US Tariff : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय सामानों पर 50% टैरिफ (US Tariff) लगाए जाने के बाद भारत ने अपनी पहली जवाबी रणनीति तैयार कर ली है। सरकार 40 चुनिंदा देशों में टेक्सटाइल निर्यात बढ़ाने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम शुरू करेगी। इसमें यूके, जापान, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रेलिया और यूएई जैसे बड़े बाजार शामिल होंगे।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर में गणेश चतुर्थी पर गौ-मांस काटने का वीडियो वायरल, बवाल
एक अधिकारी ने बताया कि इन देशों में भारत को “गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ टेक्सटाइल उत्पादों का विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता” बनाने की दिशा में काम होगा। इसके लिए भारतीय उद्योग, निर्यात संवर्धन परिषद (EPC) और विदेशों में भारतीय मिशन मिलकर काम करेंगे।
ईपीसी की अहम भूमिका
निर्यात संवर्धन परिषद बाजार मैपिंग करेगी, उच्च मांग वाले उत्पादों की पहचान करेगी और सूरत, तिरुपुर, पानीपत व भदोही जैसे उत्पादन केंद्रों को वैश्विक अवसरों से जोड़ेगी। साथ ही, भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और मेलों में मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
टैरिफ का असर और चिंता
27 अगस्त से लागू 50% टैरिफ (US Tariff) का सीधा असर टेक्सटाइल, रत्न-आभूषण, झींगा, चमड़ा, जूते और मशीनरी जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर पड़ेगा। AEPC महासचिव मिथिलेश्वर ठाकुर ने कहा कि अतिरिक्त शुल्क से भारत की प्रतिस्पर्धा बांग्लादेश, वियतनाम और श्रीलंका जैसे देशों की तुलना में 30% तक घट गई है। उन्होंने सरकार से तत्काल वित्तीय राहत की मांग की।
विशेषज्ञों की चेतावनी
विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि यह टैरिफ युद्ध भारत और अमेरिका दोनों की अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। वाणिज्य मंत्रालय प्रभावित क्षेत्रों के निर्यातकों से बातचीत कर समाधान की रणनीति पर काम कर रहा है।



