Google Analytics —— Meta Pixel

अब बदलेगी स्कूल की तस्वीर, सुविधाओं से बदलेगी छात्रों की तकदीर, पढ़ें पूरी खबर

Initiative of Korba Collector: ‘शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो पीएगा वो दहाड़ेगा’ भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के इस संदेश में शिक्षा का वह महत्व छिपा है, जो किसी गरीब, वंचित समाज को प्रगति के रास्ते पर ले जाकर अलग पहचान दिलाने का काम करता है, जो जितना ज्यादा शिक्षित होगा, वह उतना ही प्रभावशाली पहचान बना पाएगा। अनुसूचित जिले में शिक्षा के इसी महत्व को ध्यान रखकर कोरबा जिले के कलेक्टर अजीत वसंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित करने की दिशा में पहल की है। बीते छह महीने में जिले की शिक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता को बेहतर बनाने उन्होंने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से जर्जर हो चुके स्कूल भवनों के लिए नवीन भवन की स्वीकृति प्रदान की।

यह भी पढ़ें:- चीफ जस्टिस ने किया ऑनलाइन RTI वेब पोर्टल का शुभारंभ, कहा- पारदर्शिता और नागरिक सशक्तिकरण के दिशा में एक नया अध्याय

शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति, शिक्षकों और छात्रों की सुविधाओं के लिए भृत्यों की नियुक्ति की। शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने और परीक्षा परिणाम बेहतर करने की दिशा में एकीकृत पाठ्यक्रम प्रणाली, जिले के शासकीय विद्यालयों में पढ़ाई करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्था में नीट, जेईई की रायपुर में कोचिंग, 12वीं पास प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने मेडिकल, इंजीनियरिंग में प्रवेश के लिए विशेष छात्रवृत्ति और प्राथमिक, मीडिल स्कूल के विद्यार्थियों को स्कूल आने प्रोत्साहित करने मिड डे मील के अतिरिक्त सुबह का नाश्ता देने की पहल की गई है। जाति प्रमाण पत्र बनाने और छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से महाविद्यालयों और छात्रावासों में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अनेक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। (Initiative of Korba Collector)

जिले में बन रहे 140 से ज्यादा नए स्कूल भवन

जिला प्रशासन की ओर से जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास मौजूद जर्जर स्कूल भवनों का चिन्हांकन कर नए भवनों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर ने कुल 140 से ज्यादा नए स्कूल भवन निर्माण, अतिरिक्त कक्ष, जीर्णोद्धार कार्य के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। दूरस्थ क्षेत्रों समेत आसपास के जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवन बनने से स्कूल में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों समेत शिक्षकों की समस्याएं दूर होंगी। कई स्थानों पर बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने की समस्या है। भवन पुराने हैं। कम कमरे हैं। ऐसे में नवीन भवन स्वीकृति मिलने से विद्यार्थियों सहित शिक्षकों की समस्याएं दूर होंगी। (Initiative of Korba Collector)

शिक्षा गुणवत्ता के लिए अतिथि शिक्षक की नियुक्ति

कोरबा जिले के हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल में विभिन्न विषयों के 116 व्याख्याता के रिक्त पदों पर 1 जुलाई 2024 से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध और शैक्षणिक योग्यताधारी बेरोजगार युवकों की नियुक्ति अतिथि शिक्षक के रूप में अध्यापन कार्य कराने के लिए किया गया है। इसी तरह स्कूलों में सभी विषयों के व्याख्याता हो जाने पर निश्चित रूप से शिक्षा गुणवत्ता में बढ़ोतरी होगी। इसी तरह कोरबा जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर और पहाड़ी कोरवा जनजाति के शिक्षित बेरोजगारों में से 8वीं उत्तीर्ण 77 युवाओं को जिले के माध्यमिक शाला, हाई स्कूल, हायर सेकंडरी स्कूल में चतुर्थ वर्ग भृत्य के रिक्त पदों पर और 29 लोगों को प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर पदस्थापना की गई है। (Initiative of Korba Collector)

सुविधाएं बढ़ने से अध्ययन का माहौल विकसित होता है: शिक्षक

जिले में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ भवन की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजगामार के प्रभारी प्राचार्य रामनाथ बघेल और व्याख्याता एम धनलक्ष्मी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जर्जर स्कूल भवनों के स्थान पर नए भवन स्वीकृत किए जा रहे हैं। अतिथि शिक्षकों और भृत्य की नियुक्ति की जा रही है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी फायदा होगा। पहुंच मार्ग, साइकिल स्टैंड, शेड से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को बहुत सहूलियत होगी। सेवानिवृत्त प्राचार्य घनश्याम जाटवर का कहना है कि पहले की अपेक्षा स्कूलों को काफी सुविधाएं मिलने लगी है। इससे शिक्षा के गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। (Initiative of Korba Collector)

पहुंच मार्ग समेत साइकिल स्टैंड और शेड का होगा निर्माण

कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूल भवनों में पहुंच मार्ग और हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूलों तक पहुंच मार्ग निर्माण करने और साइकिल स्टैंड, शेड निर्माण के संबंध में जानकारी मांगी है। पहुंच मार्ग और साइकिल स्टैंड बनने से स्कूली विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। दसवीं कक्षा उत्तीर्ण आगे नीट और जेईई की तैयारी करने के इच्छुक जिले के शासकीय विद्यालय से 10वीं उत्तीर्ण 50 नीट समेत 50 जेईई कुल 100 छात्र-छात्राओं को जिले के आरक्षण रोस्टर अनुसार चयन कर 01 जुलाई 2024 से देश की प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर ऐलेन की रायपुर शाखा में दो साल की कोचिंग कराया जा रहा है। चयनित 100 छात्र-छात्राओं का शिक्षण शुल्क, आवास शुल्क और भोजन का खर्च का वहन भी जिला प्रशासन की ओर से डीएमएफ से किया जा रहा है। (Initiative of Korba Collector)

सुबह का नाश्ता देकर बच्चों को किया जा रहा प्रोत्साहित

कोरबा जिले के आकांक्षी विकासखण्ड पोड़ी-उपरोड़ा और कोरबा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक शाला के साथ ही माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं को स्कूल शुरू होने के पहले 9.30 बजे नाश्ता दिया जा रहा है। हर प्राथमिक शाला-माध्यमिक शाला में कार्यरत महिला स्वसहायता समूह के रसोइया द्वारा ही नाश्ता तैयार कर गरम-गरम नाश्ता प्रदान किए जाने से स्कूलों में विद्यार्थियों की रूचि शाला आने में बढ़ी है। कलेक्टर ने जिले के सभी 180 प्राचार्यों की बैठक लेकर निर्देशित किया गया है कि जिले के समस्त हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के 10वीं-12वीं के छात्र/छात्राओं को एकीकृत पाठ्यक्रम अनुसार हर विषय का अध्ययन विषय शिक्षकों द्वारा किया जाएगा। साथ ही सितंबर-दिसंबर में संपूर्ण जिले के छात्रों की एकीकृत जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रश्न पत्र जिला स्तर पर तैयार किया जाएगा। (Initiative of Korba Collector)

छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दी जाएगी छात्रवृत्ति

परीक्षा के उत्तर पुस्तिका की जांच दूसरे विद्यालय के शिक्षकों द्वारा कराया जाएगा। दिसंबर में अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद कमजोर छात्रों का चिन्हांकन कर विकासखंड स्तर पर 4 विषय विशेषज्ञ द्वारा जनवरी फरवरी में बोर्ड परीक्षा के लिए विशेष तैयारी कराया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल से जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोतरी होगी। कोरबा जिले के निवासी और शासकीय विद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण छात्र अगर मेडिकल, इंजीनियरिंग या देश के प्रतिष्ठित विश्विद्यालय में प्रवेश परीक्षा आधार पर विशेष कोर्स में चयन होने पर उनका शिक्षण शुल्क डीएमएफ मद से किया जाएगा। इस पहल से जिले के गरीब और शासकीय विद्यालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। (Initiative of Korba Collector)

जाति प्रमाण पत्र बनाने की जा रही है पहल

कलेक्टर की ओर से सभी एसडीएम को निर्देशित कर स्कूल में पढ़ाई करने वाले कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि वे आरक्षित वर्ग के सभी विद्यार्थियों का जाति प्रमाण पत्र बनवाएं। इसके लिए विद्यार्थियों का रिकॉर्ड जुटाने और दस्तावेज उपलब्ध न होने पर ग्राम सभा के माध्यम से जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए पहल करने कहा गया गया। (Initiative of Korba Collector)

Back to top button
error: Content is protected !!