तैलिक समाज एसोसिएशन का अभिनव निर्णय : सामाजिक आयोजनों में बदलेगी परंपरा, अब हर सदस्य बनेगा सम्मान का अधिकारी
रायपुर : तैलिक समाज एसोसिएशन ने सामाजिक आयोजनों को अधिक लोकतांत्रिक, समावेशी और सहभागितापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयोजन परंपराओं में व्यापक बदलाव का संकल्प लिया है। यह संकल्प दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर रविवार, 28 जून को आयोजित हुए कार्यक्रम में लिया गया। पदाधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में अब व्यक्ति विशेष को मुख्य अतिथि या विशिष्ट अतिथि बनाने की परंपरा को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा। इसके स्थान पर कार्यक्रम में उपस्थित समाज के सदस्यों में से ही अतिथि का चयन कर उन्हें मंच पर सम्मानपूर्वक स्थान दिया जाएगा।
हर वर्ग को मिलेगा समान सम्मान और मंच
एसोसिएशन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक सदस्य को समान अवसर और सम्मान प्रदान करना है। नई व्यवस्था के तहत शिक्षित-अशिक्षित, गरीब-अमीर, युवा-बुजुर्ग, महिला-पुरुष तथा शहरी-ग्रामीण सभी वर्गों के लोगों को सामाजिक मंच पर अपनी बात रखने और समाज के नेतृत्व में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।
सम्मान की परंपरा भी होगी भारतीय संस्कृति के अनुरूप
एसोसिएशन ने स्वागत एवं सम्मान की परंपराओं में भी बदलाव का निर्णय लिया है। भविष्य में गुलदस्ता, फूलमाला और शॉल-श्रीफल जैसी औपचारिकताओं को धीरे-धीरे कम किया जाएगा। इनके स्थान पर भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुरूप रोली, चंदन एवं अबीर-गुलाल से आत्मीय स्वागत और सम्मान की नई परंपरा विकसित की जाएगी।
समानता, अपनत्व और जनभागीदारी को मिलेगा बल
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह पहल समाज में समानता, आत्मीयता और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करेगी। इससे किसी व्यक्ति विशेष के बजाय पूरे समाज की भागीदारी बढ़ेगी, प्रत्येक सदस्य स्वयं को संगठन का अभिन्न हिस्सा महसूस करेगा और सामाजिक कार्यक्रम अधिक प्रेरणादायी एवं जनकेंद्रित बनेंगे।
सामाजिक नवजागरण की ओर एक नई शुरुआत
तैलिक समाज एसोसिएशन का मानना है कि बदलते समय के साथ सामाजिक परंपराओं में सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक हैं। यह निर्णय केवल आयोजन की शैली में बदलाव नहीं, बल्कि समाज में समरसता, समान अवसर और सामूहिक नेतृत्व की नई सोच को आगे बढ़ाने का एक सशक्त प्रयास है।
यह भी पढ़े :- राम मंदिर ट्रस्ट पर कांग्रेस का हमला तेज, पवन खेड़ा ने उठाए सवाल, बघेल ने ED जांच की मांग की, भाजपा ने किया पलटवार



