राम मंदिर ट्रस्ट पर कांग्रेस का हमला तेज, पवन खेड़ा ने उठाए सवाल, बघेल ने ED जांच की मांग की, भाजपा ने किया पलटवार
Congress and BJP Clash: राजधानी रायपुर में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के समापन के साथ ही अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा भी गरमा गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, RSS और केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी की ED से जांच कराने की मांग की। कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने तीखा पलटवार किया।
खेड़ा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले बेहद गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सोच और निगरानी में गठित हुआ है। इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय की भी नजर रही है। ऐसे में अगर ट्रस्ट से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोप सामने आते हैं तो जवाबदेही तय होनी चाहिए। खेड़ा ने आरोप लगाया कि बैंक की ओर से अकाउंटिंग स्टाफ को हटाने की सिफारिश किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि गलत लोगों को बचाने की कोशिश की गई और पूरे मामले में पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम की आस्था के नाम पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता और अगर आरोप लगे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। (Congress and BJP Clash)
खेड़ा का RSS पर हमला
RSS पर हमला बोलते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी पर दिए गए बयान का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयान इतिहास को बदल नहीं सकते। खेड़ा ने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक सामने आई घटनाएं संघ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं और ऐसे संगठनों ने देश तथा हिंदू समाज को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विवादित बयानों पर समय खर्च करने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है। खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और RSS पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार आलोचना से घबराती है और सवालों से बचने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है, जिससे जनता के मन में सवाल उठ रहे हैं।
CM साय ने किया पलटवार
इस बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर करोड़ों रुपये के चंदे के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और लोगों की आस्था से जुड़े मामले में पारदर्शिता बनी रहे। कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कितना भी प्रशिक्षण ले या कितने भी दावे करे, जनता अब उस पर भरोसा नहीं करेगी। कांग्रेस नेताओं के भविष्य में सरकार बनने के दावों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का प्रदेश में राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो चुका है और अब अपने अस्तित्व को बचाने के लिए वह सिर्फ सपने देख रही है।
कांग्रेस को पूरे देश ने नकार दिया है: मंत्री कश्यप
वहीं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने भी कांग्रेस और पवन खेड़ा के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरे देश ने नकार दिया है, इसलिए उसके नेता लगातार ऊलजलूल बयान देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस की ओर देखना भी नहीं चाहती। कांग्रेस के 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर पर तंज कसते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस नेताओं ने संगठन मजबूत करने के बजाय घोटाले करना ही सीखा होगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अपनी पार्टी की विचारधारा का ही सही ज्ञान नहीं है, वे जनता का नेतृत्व कैसे करेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस इस मुद्दे को पारदर्शिता और जवाबदेही से जोड़कर केंद्र सरकार और ट्रस्ट को घेर रही है, जबकि भाजपा इसे राजनीतिक एजेंडा बताते हुए कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगा रही है।



