रायपुर में कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, बैज बोले- अब दिखेगी नई और आक्रामक कांग्रेस, पवन खेड़ा का भाजपा और RSS पर निशाना

Congress Prashikshan Shivir: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को समापन हो गया, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रचार विभाग के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा शामिल हुए, जिन्होंने आखिर सत्र को संबोधित किया। इसके बाद PCC चीफ दीपक बैज ने प्रशिक्षित जिलाध्यक्षों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। साथ ही कहा कि इस प्रशिक्षण के बाद प्रदेश में नई और आक्रामक कांग्रेस देखने को मिलेगी। बैज ने कहा कि 10 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण और मंथन का असर आने वाले समय में स्पष्ट दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क, चुनावी रणनीति, मीडिया प्रबंधन, राजनीतिक मुद्दों पर प्रभावी संवाद और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह प्रशिक्षित किया गया है।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोली- रक्षा मंत्री ने शहीदों का अपमान किया, इस्तीफा दें राजनाथ सिंह
बैज ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में नई कांग्रेस और आक्रामक कांग्रेस दिखेगी। हमारे जिलाध्यक्ष पूरी तैयारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जा रहे हैं और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में रेत माफिया का बोलबाला है, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है और कांग्रेस इन मुद्दों को गांव-गांव तक लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 दिन के मंथन से अमृत जरूर निकलेगा। भाजपा इंतजार करे, दो साल बाद सरकार को गांवों में जाने से पहले सोचना पड़ेगा। समापन समारोह में पहुंचे पवन खेड़ा ने भी भाजपा, RSS और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन और भारतीय इतिहास में RSS का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास को बदला नहीं जा सकता और सच्चाई को स्वीकार करना होगा। (Congress Prashikshan Shivir)

पवन खेड़ा ने राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता। आस्था के नाम पर पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर सोशल मीडिया और त्वरित संचार का दौर है, इसलिए संगठन के पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण पहले से कहीं ज्यादा आवश्यक हो गया है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को सीखने, संवाद स्थापित करने और जनता के बीच प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि अंतिम सत्र में जिलाध्यक्षों को यह प्रशिक्षण दिया गया कि किसी भी जनहित के मुद्दे को तथ्यों के साथ किस प्रकार जनता और मीडिया के सामने प्रभावी तरीके से रखा जाए।

पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेश के कई जनसरोकार वाले मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में रेत माफिया सक्रिय हैं, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर आम जनता में असंतोष है और युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है। कांग्रेस इन सभी मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। प्रशिक्षण शिविर से बाहर निकले जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने भी इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि 10 दिनों के दौरान मिली सीख को वे अपने-अपने जिलों में कार्यकर्ताओं और आम जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का काम करेंगे। बैज ने कहा कि सभी जिला अध्यक्षों ने लगातार 10 दिनों तक अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया, जिससे यह शिविर सफल रहा।

बता दें कि प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत 20 जून से हुई थी, जिसके अगले दिन लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शामिल हुए थे। रायपुर में पिछले 10 दिनों से चल रहे इस संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी तैयारी, मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत बनाने समेत जमीनी स्तर पर सक्रिय राजनीति करने को लेकर जिला अध्यक्षों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया था। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रशिक्षण के बाद प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी और पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को पहले से ज्यादा आक्रामक तरीके से उठाएगी। (Congress Prashikshan Shivir)



