Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोली- रक्षा मंत्री ने शहीदों का अपमान किया, इस्तीफा दें राजनाथ सिंह

Congress on Modi Government: नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस के पूर्व-सैनिक विभाग के चेयरमैन और रक्षा मामलों के विशेषज्ञ कर्नल रोहित चौधरी के साथ भारतीय वायुसेना की रिटायर्ड अधिकारी, डिफेंस एनालिस्ट और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों का अपमान किया है, उनकी अनदेखी की है। राजनाथ सिंह ने सदन में झूठ बोला कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी भी सैनिक की क्षति नहीं हुई है। BJP के अंदर सिर्फ झूठ बोला जाता है और फरेब किया जाता है। मोदी सरकार की बुनियाद झूठ पर टिकी है, उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

यह भी पढ़ें:- आखिर यूरोप में 40 डिग्री की गर्मी क्यों बन जाती है आपदा ? आखिर भारत और यूरोप की गर्मी में इतना बड़ा अंतर क्यों ?

उन्होंने आगे कहा कि देश पूछ रहा है कि हमारे शहीद जवानों के नाम सामने आने में 13 महीने क्यों लग गए? ये नेशनल सिक्यॉरिटी के साथ खिलवाड़ है, क्योंकि जब सैनिक देश के लिए शहीद होता है, तो उसकी पलटन गर्व महसूस करती है और उसकी शहादत एक मिसाल कायम करती है। जम्मू-कश्मीर में हर साल सिक्यॉरिटी का जायजा लिया जाता है। गृहमंत्री अमित शाह ने 6 अप्रैल से 8 अप्रैल 2025 के दौरान सुरक्षा का जायजा लिया और वहां 17 अप्रैल को होने वाला प्रधानमंत्री का दौरा रद्द कर दिया। अमित शाह ने बताया कि सुरक्षा में कोई कमी नहीं है, लेकिन उसके 5 दिन बाद ही पहलगाम हमला हो गया। लोगों को एक घंटे तक चुन-चुनकर मारा गया। इस दौरान टूरिस्ट ऑपरेटरों को हमले की जानकारी हो गई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को इसका पता ही नहीं चला। ये कैसी सुरक्षा व्यवस्था थी? (Congress on Modi Government)

PoK लाने का मौका खो दिया: कांग्रेस

चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समय PoK लाने का मौका खो दिया। हमारी विदेश नीति बेहद कमजोर रही। हमें 60 सांसदों को बाहर भेजना पड़ा, जिससे वे हमारी बात दुनिया को बताएं। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने आसिम मुनीर को दावत दी। पाकिस्तान को वैश्विक संस्थानों से बड़े लोन मिले। दुनिया के सभी आतंकी संगठनों पर नजर रखने की जिम्मेदारी पाकिस्तान को सौंप दी गई। BJP सैनिकों की बात तो करती है, लेकिन उनके कंधों पर रखकर बंदूक चलाती है, शहीदों के नाम पर वोट मांगती है, उनका अपमान करती है। जब राजनाथ सिंह ससंद में झूठ बोल रहे थे कि किसी भी सैनिक की क्षति नहीं हुई है, तब BJP सांसद तालियां बजा रहे थे। इनमें से किसी को भी सदन में बैठने का हक नहीं है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की सेना और सैनिकों का अपमान किया है- हम उनके इस्तीफे की मांग करते हैं।

CDS ने माना था कि हमने शुरुआत में कुछ गलतियां की: कांग्रेस

अनुमा आचार्य ने कहा कि भारत सरकार ने कहा था कि 9 आतंकी ठिकानों में से 6 पर भारतीय सेना और 3 ठिकानों पर भारतीय वायुसेना ने हमला किया था, लेकिन सब जानते हैं कि हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा था कि हमने ऑपरेशन की शुरुआत में ही पाकिस्तान को बता दिया था हम सिर्फ आतंकी ठिकानों पर हमला करेंगे। यानी ऐसा करके सरकार ने एयरफोर्स का सरप्राइज एलिमेंट खत्म कर दिया था। यही कारण रहा कि हम पर जवाबी हमला हुआ और इसकी पुष्टि खुद CDS अनिल चौहान ने की थी। CDS अनिल चौहान ने सिंगापुर में ब्लूमबर्ग और रॉयटर्स से बात करते वक्त कहा था- हमने शुरुआत में कुछ गलतियां की थी, जिसके चलते हमें नुकसान हुआ था, लेकिन बाद में हमने उन्हें सुधारा और हमला किया। इसके अलावा, जकार्ता में हमारे डिफेंस अटैची कैप्टन शिवकुमार ने कहा था कि हमारे देश में सेना सरकार के आदेश मानती है और उन्होंने सेना को खुली छूट न होने की बात स्वीकार की थी।

10 मई को पूरा देश और विपक्ष सरकार के साथ खड़ा था: कांग्रेस

अनुमा ने कहा कि जब भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में मुरीदके, चुनिया समेत कई आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की, तो पाकिस्तान ने सिरसा एयरबेस पर हमला किया, जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया, लेकिन 10 मई को जब पूरा देश और पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा था, तो उसी शाम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया है। मोदी सरकार ने पहले तो वायुसेना का सरप्राइज एलिमेंट खत्म किया और फिर अचानक सीजफायर कर दिया, जिससे हमारे देश की सेनाओं को नुकसान हुआ। हमारे CDS और कैप्टन शिव कुमार ने इस बात की तस्दीक की, कि हमारे कुछ एयरक्राफ्ट्स को नुकसान हुआ है। BJP सरकार आने से पहले परंपरा थी कि जो भी देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देता था, उसके प्रति सार्वजनिक तौर पर कृतज्ञता व्यक्त की जाती थी, लेकिन सेना और सैनिकों के नाम पर राजनीति करने वाली मोदी सरकार ने देश और सैनिकों को बार-बार धोखा दिया है। हमारे DGMO ने प्रेस वार्ता में जिस तरह से कुछ कैजुअल्टी कहा, वो दिखाता है कि उनपर कितना राजनीतिक दबाव था, क्योंकि हमारा कोई सैन्यकर्मी अपने साथी के साथ ऐसा नहीं कर सकता।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पद से हटाने की मांग

उन्होंने कहा कि जिस पाकिस्तान ने हमें एक बड़ा घाव दिया था, उसी के साथ सरकार ने दोहरा चरित्र दिखाते हुए हमारी क्रिकेट टीम को क्रिकेट खिलवाया। ये हमारे शहीदों का अपमान था, लेकिन ये सरकार पाकिस्तान को आतंकी देश तक घोषित नहीं करवा पाई। रक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया जाना चाहिए। नरेंद्र मोदी और BJP नेताओं को शहीदों के परिवार, सेना व देश से माफी मांगनी चाहिए। हमारी मांग है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पद से हटाया जाए। रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाया जाए। राजनाथ सिंह के झूठ में साथ देने के लिए नरेंद्र मोदी और BJP सांसद माफी मांगें। अग्निवीर योजना को पूरी तरह से खत्म किया जाए। (Congress on Modi Government)

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, यह विवाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए जवानों की जानकारी सार्वजनिक होने के बाद शुरू हुआ। केंद्र सरकार ने पिछले हफ्ते पहली बार ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवानों के नाम सार्वजनिक किए और उन्हें नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक यानी नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर और त्याग चक्र पर अंकित किया। इनमें सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र), लांस नायक दिनेश कुमार, एविएशन टेक्नीशियन (अग्निवीर) मूड मुरलीनाइक, हवलदार सुनील कुमार सिंह (भारतीय सेना) और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु पदक), भारतीय वायुसेना शामिल हैं। इन नामों के सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया कि संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यह कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना का कोई जवान हताहत नहीं हुआ। कांग्रेस ने कहा कि संसद और देश को गुमराह किया गया, जबकि सरकार का कहना है कि शहीदों की जानकारी कभी नहीं छिपाई गई थी। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 11 मई 2025 को ऑपरेशन खत्म होने के अगले दिन तत्कालीन DGMO ने प्रेस ब्रीफिंग में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी थी और हताहतों का उल्लेख भी किया था।

Back to top button
error: Content is protected !!