भीषण गर्मी से झुलस रहा छत्तीसगढ़, कई जिलों में लू का कहर, अगले दो दिन के लिए अलर्ट जारी
Intense Heat in Chhattisgarh: राजधानी रायपुर समेत मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पिछले करीब 15 दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार लू चल रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर बिलासपुर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद रायपुर का स्थान रहा, जहां पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा दुर्ग, अंबिकापुर और पेंड्रारोड में भी तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
यह भी पढ़ें:- गोलीबारी के बाद डोनाल्ड ट्रंप का बयान- “मुझे चिंता नहीं थी, मैं देखना चाहता था क्या हो रहा है”
राजनांदगांव जिले में गर्मी का प्रकोप सबसे ज्यादा देखने को मिला है। पिछले 15 दिनों में से 9 दिन यहां का तापमान पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। 25 अप्रैल को यहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तर छत्तीसगढ़ में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा है। सोमवार को इसके 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। लू और भीषण गर्मी के कारण यहां दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। (Intense Heat in Chhattisgarh)
बादल हटते ही बढ़ी तपिश
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से लगभग 1.5 किमी ऊपर तक फैला है। मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत से राजस्थान तक द्रोणिका सक्रिय है, जिससे गर्म हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं। सरगुजा संभाग में पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहने से तापमान कुछ नियंत्रित था, लेकिन जैसे ही इसका असर खत्म हुआ, राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं ने तापमान को तेजी से बढ़ा दिया।मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 27 अप्रैल की शाम से उत्तर भारत में राहत मिलनी शुरू हो सकती है।
देश के कई राज्यों में अलर्ट
28 से 30 अप्रैल के बीच धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और 29 अप्रैल से पारा 42 डिग्री से नीचे आ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की स्थिति बनी हुई है, जहां दिन के समय तेज गर्म हवाएं लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रही हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और बिहार में लू का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे इन क्षेत्रों में तापमान और बढ़ने, स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। (Intense Heat in Chhattisgarh)
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
वहीं पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और राजस्थान में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है, क्योंकि यहां गर्म रातें यानी नाइट टेम्परेचर ज्यादा रहने की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी असहज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टर्स ने कहा है कि दोपहर 12 से 4 बजे तक सीधी धूप से बचें। घर से बाहर निकलते समय सिर और शरीर को ढंकें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।छत्तीसगढ़ इस समय भीषण गर्मी की गिरफ्त में है, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। फिलहाल अगले दो दिन हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना है, लेकिन महीने के अंत तक थोड़ी राहत मिलने के संकेत जरूर हैं।



