ईरान-अमेरिका तनाव से दुनिया में बढ़ी हलचल, होर्मुज संकट, परमाणु वार्ता, नए प्रतिबंध और युद्ध की आशंका के बीच तेज हुई कूटनीति

Iran America Tension: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। होर्मुज स्ट्रेट विवाद, परमाणु वार्ता में गतिरोध, नए आर्थिक प्रतिबंधों और संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं के बीच कई देश अब कूटनीतिक समाधान तलाशने में जुट गए हैं। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान पर हमला न करने की अपील की है। इन देशों का कहना है कि युद्ध की स्थिति बनने पर पूरा पश्चिम एशिया अस्थिर हो सकता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी इसका गंभीर असर पड़ेगा।
यह भी पढे़ं:- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी इवांका को जान से मारने की धमकी, इराकी नागरिक गिरफ्तार
खाड़ी देशों ने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई की जगह बातचीत और कूटनीतिक समाधान अपनाने को कहा है। पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे, जहां उन्होंने ईरानी अधिकारियों से मुलाकात की। रिपोर्ट्स के मुताबिक बातचीत में अमेरिका-ईरान तनाव कम कराने और संभावित समझौते पर चर्चा हुई। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा कि अमेरिका लगातार आसिम मुनीर के संपर्क में है और क्षेत्रीय हालात पर बातचीत जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए एक नई डील का मसौदा तैयार किया गया है। इसमें चरणबद्ध तरीके से युद्धविराम लागू करने और शांति वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव शामिल है।
परमाणु वार्ता फिर बेनतीजा
बताया जा रहा है कि अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करे, जबकि ईरान की मांग है कि उस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध धीरे-धीरे हटाए जाएं। संयुक्त राष्ट्र में परमाणु हथियार रोकने वाली संधि (NPT) को लेकर हुई अंतरराष्ट्रीय बैठक बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। ईरान ने अमेरिका पर बातचीत खराब करने का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका उसकी परमाणु गतिविधियों पर जरूरत से ज्यादा दबाव बना रहा है और बातचीत को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है। वहीं रूस के वरिष्ठ अधिकारी मिखाइल उल्यानोव ने कहा कि अमेरिका बातचीत की स्थिति को “बढ़ा-चढ़ाकर” पेश कर रहा है, जबकि वास्तविक हालात उतने सकारात्मक नहीं हैं।
होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़ा विवाद
ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने के बाद दुनियाभर में तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। यह समुद्री रास्ता दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के सबसे अहम मार्गों में से एक माना जाता है। यूरोपीय यूनियन (EU) ने होर्मुज संकट को लेकर ईरानी अधिकारियों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें ट्रैवल बैन और संपत्तियां फ्रीज करने जैसे कदम शामिल हो सकते हैं। वहीं फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मिशन तैनात करने का प्रस्ताव तैयार किया है, ताकि जहाजों की आवाजाही दोबारा शुरू कराई जा सके। हालांकि रूस और चीन इस प्रस्ताव का विरोध कर सकते हैं। (Iran America Tension)
भारत में महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
पश्चिम एशिया संकट का असर भारत समेत कई देशों में दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली में पेट्रोल ₹99.51 प्रति लीटर और डीजल ₹92.49 प्रति लीटर पहुंच गया है। पिछले 9 दिनों में यह तीसरी बड़ी बढ़ोतरी बताई जा रही है। कनाडा में मानवाधिकार संगठनों ने इजराइल की हथियार कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि गाजा में इस्तेमाल हो रहे ड्रोन, हथियार और सर्विलांस तकनीक की सप्लाई इन कंपनियों की ओर से की जा रही है। (Iran America Tension)
पश्चिम एशिया पर दुनिया की नजरें
मानवाधिकार संगठनों ने कनाडा सरकार से मांग की है कि इन कंपनियों के प्रतिनिधियों को देश में होने वाले डिफेंस प्रोग्राम में शामिल होने की अनुमति न दी जाए। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने यमन के सोकोत्रा आइलैंड के पास संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक एक तेल टैंकर के पास छोटी नाव पहुंच गई थी, जिसके बाद सुरक्षा टीम को सक्रिय होना पड़ा। यह इलाका अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और तेल परिवहन के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। ईरान-अमेरिका तनाव, होर्मुज संकट और परमाणु वार्ता में जारी गतिरोध के बीच दुनिया की नजरें अब पश्चिम एशिया की घटनाओं पर टिकी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आशंका है कि यदि कूटनीतिक प्रयास सफल नहीं हुए तो क्षेत्र में बड़ा सैन्य संघर्ष शुरू हो सकता है।



