Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बेटी इवांका को जान से मारने की धमकी, इराकी नागरिक गिरफ्तार

Threats to Trump Daughter: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार को निशाना बनाने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने 32 साल की इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है। उस पर ट्रंप की बेटी इवांका की हत्या की साजिश रचने और उन्हें खुलेआम धमकी देने का आरोप है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) समर्थित नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी लंबे समय से अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों की योजना बना रहा था।

यह भी पढ़ें:- 10.15 सेकेंड की रफ्तार से चमके अनीमेश, देश में बनाया नया रिकॉर्ड

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई धमकी भरे पोस्ट किए थे। उसने अमेरिका और ट्रम्प परिवार को चेतावनी देते हुए लिखा था कि सिर्फ सीक्रेट सर्विस और भारी सुरक्षा से कोई सुरक्षित नहीं रहेगा। सही समय आने पर बदला लिया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार आरोपी ने फ्लोरिडा के उस इलाके का नक्शा भी पोस्ट किया था, जहां इवांका ट्रम्प और उनके पति जारेड कुशनर का आलीशान घर स्थित है। बताया जा रहा है कि यह घर करीब 24 मिलियन डॉलर का है। FBI की जांच में आरोपी के पास से इवांका और जैरेड कुशनर के घर का ब्लूप्रिंट यानी विस्तृत नक्शा बरामद हुआ है। 

कासिम सुलेमानी के करीबी नेटवर्क से संबंध

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक यह सिर्फ ऑनलाइन धमकी का मामला नहीं था, बल्कि आरोपी कथित तौर पर हमले की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके पीछे कोई बड़ा आतंकी नेटवर्क सक्रिय था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मोहम्मद बाकेर साद का संबंध ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी के करीबी नेटवर्क से रहा है। कासिम सुलेमानी की जनवरी 2020 में बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी ड्रोन हमले में मौत हो गई थी। (Threats to Trump Daughter)

हिजबुल्लाह नेटवर्क से भी जुड़ाव का दावा

सुलेमानी की मौत के बाद से ही ईरान समर्थित संगठनों की ओर से अमेरिका और ट्रम्प परिवार के खिलाफ कई बार बदले की धमकियां सामने आती रही हैं। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि आरोपी कताइब हिजबुल्लाह संगठन से जुड़ा हुआ था। यह इराक का एक उग्रवादी संगठन है, जिसे अमेरिका विदेशी आतंकी संगठन घोषित कर चुका है। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि आरोपी यूरोप में अमेरिका से जुड़े ठिकानों और लोगों पर हमलों की योजना बनाने में शामिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उसने बीते कुछ महीनों में कई आतंकी हमलों की प्लानिंग और समन्वय किया। (Threats to Trump Daughter)

अमेरिका में भी हमले की तैयारी

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया और एरिजोना जैसे राज्यों में हमले की योजना पर चर्चा कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह अमेरिका के खिलाफ बड़े बदले की तैयारी में था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी धार्मिक यात्रा एजेंसी चलाता था और उसी की आड़ में अलग-अलग देशों में नेटवर्क तैयार कर रहा था। मामला सामने आने के बाद ट्रंप परिवार की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। अमेरिकी एजेंसियां इस पूरे मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मान रही हैं। FBI और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और फंडिंग नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!