Google Analytics —— Meta Pixel

सीजफायर के बीच फिर भड़का मिडिल ईस्ट में तनाव, ईरान ने इजराइल पर दागीं मिसाइलें, जवाब में तेहरान-तबरीज पर हमला

Iran Attack on Israel: अप्रैल 2026 में हुए सीजफायर के बाद एक बार फिर मिडिल ईस्ट जंग की आग में झुलसता नजर आ रहा है। ईरान ने रविवार रात इजराइल पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर पूरे क्षेत्र को हिला दिया। इसके कुछ घंटों बाद इजराइल ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। तेहरान, तबरीज और इस्फहान में हुए धमाकों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है। इजराइल की सेना के मुताबिक ईरान की ओर से दागी गई अधिकांश मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन उत्तरी इजराइल में कई जगह धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

यह भी पढ़ें:- ससुराल में खून-खराबा, बेटे को जबरन ले जाने के विवाद में साले की हत्या, जीजा को उम्रकैद की सजा

हमले के दौरान तेल अवीव समेत कई शहरों में सायरन बज उठे और हजारों लोगों को बंकरों में शरण लेनी पड़ी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह सिर्फ एक चेतावनी थी। संगठन ने कहा कि अगर इजराइल या अमेरिका ने आगे कोई सैन्य कार्रवाई की तो जवाब और ज्यादा कठोर होगा। जानकारों के मुताबिक यह नया संकट उस समय शुरू हुआ, जब इजराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकानों पर हमला किया। इस हमले में दो लोगों की मौत और करीब 20 लोग घायल हुए थे। ईरान ने इसे लेबनान के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई बताते हुए जवाब देने की चेतावनी दी थी। रविवार रात मिसाइल हमलों के साथ उसने अपनी चेतावनी को अमली जामा पहना दिया। (Iran Attack on Israel)

इजराइल का ताबड़तोड़ पलटवार

ईरान का कहना है कि इजराइल लगातार युद्धविराम का उल्लंघन कर रहा है और लेबनान-गाजा में सैन्य कार्रवाई जारी रखे हुए है। वहीं इजराइल का दावा है कि वह सिर्फ अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई कर रहा है। ईरानी मिसाइल हमलों के कुछ ही घंटों बाद इजराइल ने पश्चिमी और मध्य ईरान में बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इजराइली सेना के मुताबिक हमलों का लक्ष्य ईरानी सैन्य ठिकाने, मिसाइल लॉन्चिंग सुविधाएं और कमांड सेंटर थे। ईरानी मीडिया ने तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोटों की पुष्टि की है। तबरीज ईरान का महत्वपूर्ण सैन्य और औद्योगिक केंद्र माना जाता है, जबकि इस्फहान देश के सामरिक कार्यक्रमों का अहम केंद्र है। इसलिए इन शहरों पर हुए हमले को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। (Iran Attack on Israel)

तेहरान एयरपोर्ट का एयरस्पेस बंद

हमलों के बाद ईरान ने राजधानी स्थित इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का एयरस्पेस तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इजराइल आगे भी सैन्य कार्रवाई कर सकता है, इसलिए हवाई यातायात पर रोक लगाई गई है। ईरान के अलावा इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इससे पूरे क्षेत्र में विमान सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की थी। ट्रंप ने कहा कि वह इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन करके जवाबी हमला न करने की सलाह देंगे। ट्रंप ने कहा कि अब बस करो, बहुत हो गया। हमें हालात को और खराब नहीं होने देना चाहिए। हालांकि ट्रम्प की अपील के बावजूद इजराइल ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की। बाद में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता पर इस संघर्ष का कोई असर नहीं पड़ेगा और बातचीत जारी रहेगी।

फिर संकट में बातचीत

इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो ईरानी ड्रोन मार गिराए गए हैं। अमेरिका का कहना है कि ये ड्रोन अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहे थे। दूसरी ओर ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका जानबूझकर तनाव बढ़ा रहा है और युद्धविराम की भावना का उल्लंघन कर रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का सैन्य संघर्ष वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित कर सकता है। ईरान ने कहा है कि अमेरिका के बार-बार बदलते रुख के कारण दोनों देशों के बीच वार्ता आगे नहीं बढ़ पा रही है। तेहरान की मांग है कि उसे यूरेनियम संवर्धन का अधिकार दिया जाए और विदेशों में फ्रीज अरबों डॉलर की संपत्तियां जारी की जाएं। अमेरिका अभी इन मांगों पर पूरी तरह सहमत नहीं है। इसी कारण संभावित समझौता अटका हुआ है।

क्या फिर शुरू होगा बड़ा युद्ध ?

सैन्य विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल दोनों पक्ष सीमित सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन हालात तेजी से बड़े युद्ध में बदल सकते हैं।अगर ईरान की ओर से और मिसाइल हमले होते हैं या इजराइल बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई करता है तो पूरा मध्य पूर्व नए युद्ध की चपेट में आ सकता है। इसका असर सिर्फ ईरान और इजराइल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लेबनान, सीरिया, इराक, खाड़ी देशों और वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ेगा। मिसाइल हमलों, जवाबी कार्रवाई, एयरस्पेस बंद होने और अमेरिका की बढ़ती सक्रियता ने पूरे क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल दुनिया की नजर ईरान और इजराइल की अगली रणनीति पर टिकी है। कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन ताजा घटनाक्रम ने मध्य पूर्व में स्थिरता और शांति की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। (Iran Attack on Israel)

Back to top button
error: Content is protected !!