ससुराल में खून-खराबा, बेटे को जबरन ले जाने के विवाद में साले की हत्या, जीजा को उम्रकैद की सजा
Brother in Law Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान अपने बड़े साले की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर एक हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। यह मामला जिले के कापू थाना क्षेत्र का है, जहां एक दूधमुंहे बच्चे को जबरन ले जाने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक मुनुंद गांव के दाताराम सारथी की शादी उर्मिला सारथी से हुई थी। वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से तनाव होने के कारण उर्मिला अपने मायके पत्थलगांव खुर्द में रह रही थी। इसी दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया और वह अपने बच्चे के साथ मायके में ही रह रही थी।
यह भी पढ़ें:- मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 12 राज्यों तक पहुंचा, दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी से एअर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त
1 मई 2022 को शाम लगभग 4 बजे दाताराम सारथी अपने ससुराल पत्थलगांव खुर्द पहुंचा। वहां उसने अपनी पत्नी से एक साल के बेटे को जबरन छीन लिया और उसे लेकर जाने लगा। पत्नी उर्मिला सारथी ने इसका विरोध किया। उसके साथ परिवार की अन्य महिलाओं ने भी दाताराम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और बच्चे को लेकर मुख्य सड़क की ओर बढ़ गया। इसी दौरान उर्मिला का बड़ा भाई महेश सारथी वहां पहुंचा। उसने दाताराम को बच्चे को जबरन ले जाने से मना किया और उसे समझाने की कोशिश की। इस बात से नाराज होकर दाताराम ने अपने पास रखे चाकू से महेश सारथी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने महेश के पेट, पीठ और गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण महेश सारथी की मौके पर ही मौत हो गई। (Brother in Law Murder)
मृतक की पत्नी की शिकायत पर एक्शन
यह पूरी घटना मृतक की पत्नी, बहन और बेटी के सामने हुई, जिससे परिवार में मातम छा गया। घटना के बाद मृतक की पत्नी कुसुम सारथी ने कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी दाताराम सारथी के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र पेश किया। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा की कोर्ट में हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने प्रत्यक्षदर्शी गवाहों, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मजबूत पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने दाताराम सारथी को हत्या का दोषी पाया। (Brother in Law Murder )
क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की अनुशंसा
कोर्ट ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ ही एक हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया। न्यायालय ने अपने आदेश में मृतक के आश्रित परिवार को राहत प्रदान करने की भी अनुशंसा की है। फैसले में रायगढ़ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मृतक महेश सारथी के आश्रितों को एक लाख रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान किए जाने की अनुशंसा की गई है, ताकि पीड़ित परिवार को कुछ आर्थिक सहायता मिल सके। कोर्ट के इस फैसले को पीड़ित परिवार के लिए न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगभग चार साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद आए इस फैसले से हत्या जैसे गंभीर अपराधों के प्रति सख्त संदेश भी गया है। (Brother in Law Murder)



