मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 12 राज्यों तक पहुंचा, दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी से एअर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त

Monsoon in India: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मानसून रविवार तक 12 राज्यों में पहुंच चुका है और आने वाले तीन से चार दिनों में इसके मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों तक पहुंचने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई जगहों पर तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इधर, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा सामने आया। दिल्ली एयरपोर्ट पर ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन नैरो-बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से सेवा से बाहर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- अगले 4 दिन में बस्तर पहुंच सकता है मानसून, 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून सामान्य समय से तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल पहुंचा था। हालांकि इसके बाद इसकी गति तेज हो गई और मात्र चार दिनों के भीतर यह देश के 12 राज्यों तक फैल गया। अब तक मानसून ने केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड समेत पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से को कवर कर लिया है। इसके साथ ही पूरे केरल, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड और मिजोरम में मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बचे भागों में बिना किसी विशेष बाधा के आगे बढ़ सकता है। (Monsoon in India)
राजस्थान में ओलावृष्टि, मध्य प्रदेश में आंधी का असर
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रविवार को अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इससे किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की भी आशंका जताई जा रही है। मध्यप्रदेश में भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। इंदौर-खंडवा हाईवे पर तेज आंधी के कारण एक ऑटो पलट गया। प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई तेज आंधी और बारिश के दौरान एयरपोर्ट परिसर में ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एअर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक तीनों विमानों को तत्काल परिचालन से हटाकर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट संचालन पर भी कोई बड़ा असर नहीं पड़ा, लेकिन कुछ उड़ानों में देरी दर्ज की गई।
दिल्ली-एनसीआर में फिर बढ़ेगी गर्मी
बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले सप्ताह क्षेत्र में हीटवेव जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 8 से 10 जून के बीच कर्नाटक के कई हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं लक्षद्वीप में 7 और 8 जून को भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राजस्थान और पंजाब में लू का खतरा बरकरार
जहां एक ओर देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी भारत में भीषण गर्मी का दौर अभी समाप्त नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने राजस्थान सहित पांच राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 11 जून तक पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। राजस्थान का श्रीगंगानगर रविवार को 44.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा फलोदी में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 43.9 डिग्री, बाड़मेर में 43 डिग्री और चूरू में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। (Monsoon in India)
अलगे दो दिन ऐसा रह सकता है मौसम



