अगले 4 दिन में बस्तर पहुंच सकता है मानसून, 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में अलर्ट जारी

Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं और मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले चार दिनों के भीतर मानसून बस्तर संभाग तक पहुंच सकता है। वहीं प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में सक्रिय मौसमी सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम लगातार करवट ले रहा है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
यह भी पढ़ें:- अंतर्राष्ट्रीय अभिलेखागार सप्ताह: ऐतिहासिक दस्तावेजों से रूबरू होंगे नागरिक
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों, विशेषकर बस्तर क्षेत्र में इसके पहुंचने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी मानसून की दस्तक के संकेत मिल रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियां मानसून के अनुकूल बनी हुई हैं। अगर सिस्टम इसी तरह सक्रिय रहे तो बस्तर संभाग में समय पर मानसून का आगमन हो सकता है, जिससे खरीफ सीजन की कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी। प्रदेश में मौसम में बदलाव के पीछे दो प्रमुख मौसमी सिस्टम जिम्मेदार हैं। (Chhattisgarh Weather Update)
अगले पांच दिनों तक बदला रहेगा मौसम
पहला, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण यानी साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। दूसरा, झारखंड से तेलंगाना तक फैली द्रोणिका (ट्रफ लाइन) छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी से नमी खींचकर प्रदेश में पहुंचा रहा है, जिससे गरज-चमक और वर्षा की गतिविधियां बढ़ रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यही सिस्टम अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश और आंधी की स्थिति बनाए रख सकते हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। साथ ही कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में धूलभरी आंधी भी देखने को मिल सकती है। (Chhattisgarh Weather Update)
कई इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इससे कई क्षेत्रों में तापमान में थोड़ी राहत महसूस की गई। बारिश के आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सक्ती जिले के चंद्रपुर में 20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कापू (कोरिया) में 30 मिमी, बलरामपुर में 10 मिमी, कांसाबेल (जशपुर) में 10 मिमी और पौड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। राजधानी रायपुर के माना स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| रायपुर | 42.2°C | 30.1°C |
| बिलासपुर | 41°C | 29.4°C |
| दुर्ग | 41.2°C | 27.8°C |
| राजनांदगांव | 42°C | 28°C |
| जगदलपुर | 38.4°C | 25.4°C |
| अंबिकापुर | 36.6°C | 23.3°C |
| पेंड्रा रोड | 37.6°C | 23.2°C |
राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर में गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मानसून की संभावित दस्तक को देखते हुए किसानों में उत्साह बढ़ा है। बस्तर सहित दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में धान की बुवाई की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। समय पर मानसून पहुंचने से खेती-किसानी के कार्यों को गति मिलेगी और खरीफ फसलों के लिए बेहतर परिस्थितियां बनेंगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले जगहों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने समेत बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है। (Chhattisgarh Weather Update)



