Google Analytics —— Meta Pixel

यूएन महासभा में ईरान का आक्रामक तेवर, राष्ट्रपति पेजेश्कियान बोले- हम कभी घुटने नहीं टेकेंगे, दबाव की भाषा मंजूर नहीं

Iranian President Pezeshkian: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के मंच से ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने वह सब कह दिया, जिसकी गूंज पूरी दुनिया के कूटनीतिक गलियारों में सुनाई दे रही है। पिछले 7 महीनों में जंग की शुरुआत के बाद यह उनका पहला अमेरिका दौरा है। एक ऐसे देश में जो ईरान को अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानता है, वहां अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच पेजेश्कियान ने यूएन मुख्यालय में प्रवेश किया और अपने भाषण से वैश्विक राजनीति में भूचाल ला दिया। संबोधन के दौरान ईरानी राष्ट्रपति ने अपने हाथों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और मिनाब स्कूल में मारे गए मासूम बच्चों की तस्वीरें लहराईं। इस दौरान अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का एक अधिकारी अपनी सीट से उठा और हॉल से बाहर चला गया।

यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान के लिए ‘भस्मासुर’ बने लश्कर और जैश, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कबूलनामे ने खोली पोल

संबोधन के दौरान राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने ईरान के मिनाब स्कूल पर हुए घातक हमले की दर्दनाक दास्तां दुनिया के सामने रखी। उन्होंने तस्वीरों को दिखाते हुए कहा कि अमेरिकी और इजरायली हथियारों से हुए इन हमलों में मासूम बच्चों की जान गई, जिनका कोई कसूर नहीं था। उन्होंने आंकड़े रखते हुए बताया कि 28 फरवरी को हुए इस क्रूर हमले में कुल 156 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 120 मासूम बच्चे शामिल थे। उन्होंने कब्रों की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि जब ईरान शांति की बात कर रहा था और बातचीत चल रही थी, तब उनके स्कूलों, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को निशाना बनाया गया, जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए पेजेश्कियान ने कहा कि अमेरिका ईरान को आतंकवाद का गढ़ और आतंकवादी कहता है, जबकि सच्चाई इसके विपरीत है। (Iranian President Pezeshkian)

हम कभी अपने घुटने नहीं टेकेंगे: राष्ट्रपति पेजेश्कियान

उन्होंने कहा कि मैं उस ईरान से आया हूं, जहां हमारे सुप्रीम लीडर की बिना किसी वजह के हत्या कर दी गई। उन्होंने दोहरे मानदंडों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज इजराइल के पास परमाणु हथियार खुलेआम मौजूद हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की जांच और शक की सुई हमेशा ईरान पर ही घूमती है। निर्दोष लोगों की हत्याएं इजराइल कर रहा है, लेकिन आर्थिक प्रतिबंध और सजा ईरान को दी जा रही है। अपने भाषण के अंत में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधा और कड़ा संदेश दिया। पेजेश्कियान ने दो टूक शब्दों में कहा कि पाबंदियां, दबाव और धमकियां जितनी बढ़ेंगी, ईरानी जनता का विरोध और प्रतिरोध उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि हम कभी अपना सिर नहीं झुकाएंगे और न ही घुटने टेकेंगे। ईरान बातचीत और समझौते के लिए हमेशा तैयार है, लेकिन दबाव और ताकत की भाषा को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

फिलिस्तीन और गाजा पर मुखर रुख

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ईरान ने पिछले 200 सालों से किसी भी देश पर पहले हमला नहीं किया है। देश की रक्षा और तरक्की के लिए उन्हें किसी की अनुमति या मंजूरी की कोई आवश्यकता नहीं है। मध्य पूर्व के हालातों पर बोलते हुए ईरानी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि फिलिस्तीन और गाजा के संकट को नजरअंदाज करके दुनिया में कभी भी स्थायी शांति स्थापित नहीं की जा सकती। उन्होंने गाजा का जिक्र करते हुए कहा कि इजरायली बमबारी और घेराबंदी से वहां के लोगों की विरोध की भावना को कुचला नहीं जा सकता। दशकों से प्रस्ताव पास होने के बावजूद फिलिस्तीन पर कब्जा और हिंसा बदस्तूर जारी है, और जब किसी को उसकी जमीन से उजाड़ा जाएगा, तो उसका प्रतिरोध करना स्वाभाविक है।

कूटनीतिक हलचल और अमेरिका का रुख

जैसे ही ईरानी राष्ट्रपति ने मंच से अपना भाषण शुरू किया, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का एक अधिकारी तुरंत अपना बैग उठाकर और चश्मा उतारते हुए महासभा हॉल से बाहर निकल गया, जो दोनों देशों के बीच की गहरी खटास को साफ बयां कर रहा था। भले ही अमेरिका ने कूटनीतिक प्रोटोकॉल के तहत पेजेश्कियान को सुरक्षा दी है, लेकिन उनके मूवमेंट पर सख्त पाबंदियां हैं। उन्हें मैनहट्टन के मिलान होटल में ठहराया गया है और उनकी गतिविधियां सिर्फ यूएन हेडक्वार्टर तक ही सीमित रखी गई हैं। इस भाषण से ठीक पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में एक तरफ ईरान के साथ बड़ी डील करने की संभावना जताई थी तो दूसरी तरफ इस्लामिक राष्ट्र को पूरी तरह तबाह करने की चेतावनी भी दी थी, जिससे साफ है कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव चरम पर है। (Iranian President Pezeshkian)

Back to top button
error: Content is protected !!