नया नंबर लेने से पहले जान लें WhatsApp की ये जरूर बात, वरना चैट बैकअप हो सकता है बेकार, चैट बचाने के लिए अपनाएं ये तरीका

WhatsApp Number Change Tips: अगर आप नया सिम कार्ड लेने जा रहे हैं या अपना मोबाइल नंबर बदलने की तैयारी कर रहे हैं तो WhatsApp का Change Number फीचर आपके लिए काफी उपयोगी हो सकता है। इस फीचर की मदद से आप अपना WhatsApp अकाउंट नए नंबर पर ट्रांसफर कर सकते हैं। हालांकि नंबर बदलने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। खासतौर पर अगर आप नंबर बदलने के साथ-साथ पुराने फोन से नए फोन पर भी शिफ्ट हो रहे हैं, तो चैट बैकअप को लेकर सावधानी बरतनी होगी। गलत तरीके से बैकअप लेने या रिस्टोर करने पर पुराने चैट डेटा तक पहुंच प्रभावित हो सकती है।
नंबर बदलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
WhatsApp नंबर बदलने की प्रक्रिया शुरू करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपके नए नंबर पर कॉल या SMS की सुविधा शुरू हो चुकी है, क्योंकि नंबर बदलने के दौरान नए नंबर पर वेरिफिकेशन कोड भेजा जाएगा। इसके अलावा यह भी चेक कर लें कि आपका पुराना नंबर अभी WhatsApp पर रजिस्टर्ड है या नहीं। इसके लिए WhatsApp खोलें और थ्री-डॉट मेनू > Settings > अपनी प्रोफाइल पर जाएं। ध्यान रखें कि WhatsApp का नंबर बदलने का यह फीचर WhatsApp Web या Desktop ऐप से इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसके लिए आपको अपने प्राइमरी मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना होगा। हर तरह के नंबर पर WhatsApp रजिस्ट्रेशन नहीं होता WhatsApp सभी प्रकार के मोबाइल या फोन नंबरों को रजिस्ट्रेशन के लिए सपोर्ट नहीं करता। इसलिए नया नंबर चुनते समय भी यह बात ध्यान में रखें। (WhatsApp Number Change Tips)
यह भी पढ़ें:- यूएन महासभा में ईरान का आक्रामक तेवर, राष्ट्रपति पेजेश्कियान बोले- हम कभी घुटने नहीं टेकेंगे, दबाव की भाषा मंजूर नहीं
WhatsApp पर हर तरह के नंबर से अकाउंट रजिस्टर नहीं किया जा सकता। VoIP, Toll-free, Paid Premium, Universal Access Number (UAN), कुछ पर्सनल नंबर और सामान्य लैंडलाइन नंबर WhatsApp रजिस्ट्रेशन के लिए सपोर्टेड नहीं हैं। हालांकि WhatsApp Business ऐप में लैंडलाइन नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप उसी WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल करते हुए अपना नंबर बदलते हैं, तो आपके द्वारा पहले से ब्लॉक किए गए कॉन्टैक्ट्स ब्लॉक ही रहेंगे। इन कॉन्टैक्ट्स को आपके नए नंबर की जानकारी या नंबर बदलने का नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा। वहीं आपके WhatsApp ग्रुप्स को नंबर बदलने की जानकारी अपने आप मिल जाएगी। यह नोटिफिकेशन ग्रुप्स को तब भी मिलेगा, जब आपने व्यक्तिगत कॉन्टैक्ट्स को नोटिफाई करने का विकल्प नहीं चुना हो।
5 स्टेप्स में ऐसे बदलें WhatsApp नंबर
- Change Number ऑप्शन पर जाएं- सबसे पहले उस फोन में नया सिम कार्ड डालें, जिसमें आपका मौजूदा WhatsApp अकाउंट चल रहा है। इसके बाद WhatsApp खोलें और ऊपर दिए गए थ्री-डॉट मेनू पर टैप करें। अब Settings > Account > Change number पर जाएं और Next पर टैप करें।
- पुराना और नया नंबर दर्ज करें- अब आपको दो कॉलम दिखाई देंगे। पहले कॉलम में अपना पुराना WhatsApp नंबर और दूसरे कॉलम में नया मोबाइल नंबर दर्ज करें। दोनों नंबरों को फुल इंटरनेशनल फॉर्मेट में दर्ज करें और इसके बाद Next पर टैप करें।
- कॉन्टैक्ट्स को नोटिफाई करने का विकल्प चुनें- इसके बाद WhatsApp आपको कॉन्टैक्ट्स को नंबर बदलने की जानकारी देने का विकल्प देगा। आप अपनी जरूरत के मुताबिक सभी कॉन्टैक्ट्स, जिन लोगों से आपकी चैट हुई है या चुनिंदा कॉन्टैक्ट्स को नए नंबर की जानकारी देने का विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद Done पर टैप करें। ध्यान रखें कि WhatsApp ग्रुप्स को नंबर बदलने की जानकारी अपने आप मिल जाएगी।
- नए नंबर को रजिस्टर करें- अब आपके नए मोबाइल नंबर पर SMS या कॉल के जरिए वेरिफिकेशन कोड आएगा। प्राप्त कोड को WhatsApp में दर्ज करें और नंबर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- चेक करें कि नंबर बदल गया या नहीं- नंबर बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद WhatsApp में जाएं और Settings > Profile खोलें। यहां चेक करें कि आपके प्रोफाइल में नया मोबाइल नंबर दिखाई दे रहा है या नहीं। अगर आप सिर्फ नंबर नहीं बदल रहे, बल्कि पुराने फोन से नए फोन पर भी WhatsApp शिफ्ट कर रहे हैं, तो यहां सबसे ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। पुराने नंबर से बनाए गए WhatsApp क्लाउड बैकअप को सीधे नए नंबर पर रिस्टोर करने की कोशिश न करें। WhatsApp के अनुसार, क्लाउड बैकअप उसी फोन नंबर से जुड़ा होता है, जिससे उसे बनाया गया था। ऐसे में पुराने नंबर का बैकअप सीधे नए नंबर पर रिस्टोर नहीं किया जा सकता। (WhatsApp Number Change Tips)
क्या है सही तरीका ?
अगर नंबर और फोन दोनों बदल रहे हैं, तो पहले पुराने फोन पर ही WhatsApp का Change Number फीचर इस्तेमाल करके नंबर बदलें। नंबर बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए नंबर से अपने WhatsApp चैट का नया बैकअप तैयार करें। इसके बाद नए फोन में WhatsApp इंस्टॉल करें और अपना नया नंबर रजिस्टर करें। नए नंबर से बनाए गए बैकअप को रिस्टोर करने पर आपकी चैट को नए फोन पर ट्रांसफर किया जा सकेगा। ध्यान रखें- नंबर बदलने से पहले बैकअप की प्रक्रिया को समझना जरूरी है। खासकर तब, जब आप एक साथ नंबर और फोन दोनों बदल रहे हों। पहले पुराने फोन में नंबर बदलना और उसके बाद नए नंबर से नया बैकअप तैयार करना ज्यादा जरूरी स्टेप है, ताकि चैट डेटा को नए फोन पर रिस्टोर करने में परेशानी न हो। (WhatsApp Number Change Tips)



