गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली बनी काल, धमतरी में एक की मौत और तीन घायल
धमतरी के नगरी ब्लॉक में फरसियां-बोड़र्रा मार्ग पर आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

Dhamtari Lightning Strike : धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम नगरी ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। फरसियां-बोड़र्रा मार्ग पर बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फरसियां-बोड़र्रा मार्ग पर गिरा बिजली का कहर
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुआ। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान सड़क के पास मौजूद लोगों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। (Dhamtari Lightning Strike)
हादसे में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बारिश और गरज-चमक के बीच हुआ हादसा
आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। (Dhamtari Lightning Strike)



