Google Analytics —— Meta Pixel

जगद्गुरु रामभद्राचार्य का बड़ा बयान, कहा भारत में रहना है तो जय श्री राम कहना होगा, नहीं कहने वालों को कुत्ते भी नहीं पूछेंगे

Jagadguru Rambhadracharya Statement: पेंड्रा के हाई स्कूल मैदान में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महाकथा के पांचवें दिन चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर और पद्मविभूषण जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपने प्रवचन के दौरान ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के वंश और द्वारका के अंत का प्रसंग चल रहा था, तभी स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि अगर भारत में रहना है तो आस्तिक बनकर रहो, नहीं तो मर जाओ। सनातन धर्म के विरुद्ध विद्रोह करके कोई भारत में नहीं रह सकता, जो भारत में रहेगा, उसे जय श्री राम कहना ही होगा।

यह भी पढ़ें:- विधानमंडल जनता के विश्वास का प्रतीक, लोकतंत्र की मज़बूती का आधार : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

उन्होंने आगे कहा कि जो व्यक्ति जय श्री राम नहीं कहेगा, उसे जनता ऐसा भगाएगी कि सड़क के कुत्ते भी उसे नहीं पूछेंगे। अपने प्रवचन के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वर्गीय पिता नंदकुमार बघेल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वे अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन जब उन्होंने श्रीराम की निंदा की थी, तब मुझे बहुत पीड़ा हुई थी। जब बड़े लोगों से जुड़े व्यक्ति भगवान की आलोचना करते हैं तो समाज में गलत संदेश जाता है। स्वामी रामभद्राचार्य ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या साय की तारीफ करते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्र में जन्म लेने के बावजूद उनके संस्कार अत्यंत श्रेष्ठ हैं। उनमें श्रीराम के चरणों के प्रति गहरी आस्था है। ऐसे संस्कारी लोग ही समाज के लिए प्रेरणा हैं। 

सनातन धर्म की रक्षा का आह्वान

जगतगुरु ने कथा के मंच से कहा कि देश में हो रहे धर्म परिवर्तन की घटनाओं को समय रहते रोकना आवश्यक है। यह प्रत्येक सनातनी की जिम्मेदारी है कि वह धर्म परिवर्तन जैसी प्रवृत्तियों के विरुद्ध खड़ा हो। अगर अब भी समाज नहीं जागा तो भविष्य में विकट परिस्थितियां पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि यह कथा छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए जवानों को समर्पित है, जिन्होंने भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा कि हाल के सालों में हुए निर्णय जैसे कश्मीर से धारा 370 हटना, तीन तलाक बिल का पारित होना, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण ये सभी सनातन धर्म की पुनर्स्थापना के प्रतीक हैं। (Jagadguru Rambhadracharya Statement)

भक्तों की भीड़ उमड़ी, श्रद्धा से भरा माहौल

उन्होंने आगे कहा कि जैसे अयोध्या में श्रीराम मंदिर बन रहा है, वैसे ही समय आने पर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर भी बनेगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना की, आरती में भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन समिति ने पुष्पमालाओं से जगद्गुरु रामभद्राचार्य का स्वागत किया। जगतगुरु ने आखिर में कहा कि जिसकी कथनी और करनी में अंतर हो, उसे कभी आदर्श नहीं मानना चाहिए। धर्मपत्नी की पहचान संकट के समय होती है और ज्ञानी की पहचान भागवत कथा में होती है। (Jagadguru Rambhadracharya Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!