झारखंड के लिए एग्जिट पोल जारी, जानिए जनता ने किस पार्टी पर जताया सबसे ज्यादा भरोसा

Jharkhand Exit Poll 2024: झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए 2 चरणों में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग पूरी हुई। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे, लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल जारी कर दिए गए हैं। 9 एग्जिट पोल में से 4 में भाजपा गठबंधन और 3 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान है। जबकि 2 एग्जिट पोल्स ने हंग असेंबली के आसार हैं। सबसे ज्यादा सीटें BJP गठबंधन यानी NDA को मिल सकती है। इसके बाद दूसरे नंबर पर JMM के नेतृत्व वाला INDIA गठबंधन रह सकता है। इस बार सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस को होता दिख रहा है, जो INDIA गठबंधन को सत्ता से बाहर कर सकता है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र एग्जिट पोल में BJP गठबंधन को फायदा, फिर सरकार रिपीट कर सकती है महायुति
एग्जिट पोल 2024
सर्वे |
NDA |
INDIA |
अन्य |
| न्यूज 18-मैट्रिक | 42-47 | 25-30 | 0-2 |
| P-MARQ | 31-40 | 37-47 | 0 |
| चाणक्य स्ट्रैटजीज | 45-50 | 35-38 | 3-5 |
| पीपुल्स पल्स | 44-53 | 25-37 | 5-9 |
| टाइम्स नाऊ-JVC | 40-44 | 30-40 | 1 |
| एक्सिस माइ इंडिया | 25 | 53 | 3 |
| सी वोटर्स | 36 | 53 | 19 |
| भास्कर रिपोटर्स पोल | 37-40 | 36-39 | 0-2 |
| ZEE AI पोल | 36-41 | 39-44 | 1-3 |
| पोल ऑफ पोल्स | 33-42 | 30-39 | 2-6 |
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने कहा कि हमने एक-एक क्षेत्र में भ्रमण किया है। संथाल परगना के हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया है, जिस तरह से वहां घुसपैठ बढ़ रही है, आदिवासियों की आबादी घट रही है, किसी ने इसके बारे में नहीं सोचा था। यह बहुत गंभीर मामला है। इसलिए वहां बदलाव निश्चित है। झारखंड भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा और NDA को बढ़त है और 51+ सीटें लाकर भाजपा, NDA की सरकार बनेगी। वे (JMM) सफल नहीं होंगे। हम कभी भी मुख्यमंत्री की दौड़ में नहीं हैं, 23 तारीख को नतीजे आने के बाद विधायक दल की बैठक होगी और नेता चुना जाएगा।
अमर कुमार बाउरी ने किया जीत का दावा
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता और चंदनकियारी सीट से भाजपा उम्मीदवार अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जनता पिछले दो साल से बदलाव के मूड में थी। यहां 100% भाजपा, NDA की सरकार बनेगी। इस भ्रष्ट सरकार की विदाई तय है। हमने पहले भी कहा है कि अगर भाजपा की सरकार बनती है तो भाजपा विधायक दल और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में जिसे भी मौका मिलेगा, वह झारखंड को आगे ले जाएगा। हमारे पास कई अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी निभाई है, पार्टी जिसे भी मौका देगी, वह राज्य को आगे ले जाएगा।
माटी की रक्षा के लिए सभी को एकजुट रहना होगा: सीता
जामताड़ा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने कहा कि मैं लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं। सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, यहां 5 साल तक शासन करने वाली सरकार ने लोगों को सिर्फ धोखा दिया। पहले उन्होंने युवाओं को धोखा दिया और अब वे महिलाओं को धोखा देने जा रहे हैं, लेकिन झारखंड की महिलाओं ने तय कर लिया है कि रोटी, बेटी और माटी की रक्षा के लिए सभी को एकजुट रहना होगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड में हमसे बड़ा सर्वे और कौन हो सकता है। 3 महीने हमने झारखंड में जनता की आंखों में परिवर्तन की ललक देखी है। मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि जनता ने झारखंड की तकदीर बदलने के लिए NDA को वोट किया है और शानदार बहुमत के साथ हम सरकार बनाने जा रहे हैं।
योजनाओं का असर दोनों राज्यों में दिख रहा: चुघ
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भारी संख्या में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार। प्रधानमंत्री मोदी को दोनों राज्यों में जनता का खुलकर आशीर्वाद मिल रहा है। भाजपा, NDA स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं का असर दोनों राज्यों में दिख रहा है। जनता भ्रष्टाचारी दलों को नकार रही है। मध्यप्रदेश के डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ला ने कहा देश PM मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है, एक के बाद एक चुनाव परिणाम इस बात को साबित कर रहे हैं। एग्जिट पोल में जो कहा जा रहा है, उससे कहीं ज्यादा सीटें भाजपा गठबंधन को मिलेंगी। लोगों में इस बात को लेकर कोई भ्रम नहीं है कि अगर देश का विकास करना है और देश को महाशक्ति बनाना है तो मोदी जी ही इस मुश्किल काम को संभव कर सकते हैं, इसीलिए जनता उनके साथ खड़ी है।
दोनों राज्यों में NDA को लोगों का आशीर्वाद मिलेगा: सिंह
महाराष्ट्र और झारखंड चुनावों के एग्जिट पोल पर भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा दोनों राज्यों में भाजपा-NDA को लोगों का आशीर्वाद मिलेगा। महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत अधिक होना चाहिए था। उम्मीद है कि दोनों राज्यों में अंतिम मतदान 70% से अधिक होगा। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए। हमें पूरा विश्वास है कि झारखंड में भाजपा, NDA और महाराष्ट्र में महायुति को शानदार जीत मिलेगी। भाजपा अन्य उपचुनावों में भी शानदार प्रदर्शन करेगी। उत्तर प्रदेश में जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, वहां भी भाजपा के पक्ष में निर्णायक जनादेश आएगा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वोटिंग के बाद झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार का जाना तय है।
कांग्रेस को एग्जिट पोल पर नहीं भरोसा
झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि एग्जिट पोल और एक्जैक्ट पोल में बहुत अंतर होता है। पिछले दिनों जिस तरह की चीजें आई हैं उससे एग्जिट पोल का प्रभाव नहीं रह गया है। हम जानते हैं कि एग्जिट पोल और एक्जैक्ट पोल में बहुत अंतर है, हमें एक्जैक्ट पोल पर विश्वास है। जनता पर विश्वास है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है, 23 तारीख को जनता का जो भी निर्णय होगा वह हमें स्वीकार होगा। रांची से JMM प्रत्याशी महुआ माजी ने कहा कि हम एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करते। हम इन आंकड़ों से बिल्कुल इत्तेफाक नहीं रखते। लोगों ने INDIA गठबंधन को बहुमत दिया है, जिस तरह लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है उससे साफ है कि हमारी सरकार बन रही है। उनके (भाजपा) वोटर तो निकले ही नहीं हैं, JMM-INDIA गठबंधन के वोटरों ने वोट किया है। हमें एग्जिट पोल पर बिल्कुल भरोसा नहीं हैं। हमें पता है कि झारखंड में INDIA गठबंधन की सरकार आएगी।



