JJP नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा- मैं भाजपा में नहीं जाऊंगा… खट्टर बोले-बुलाया किसने है?

JJP Leader Dushyant Chautala: हरियाणा के पूर्व डिप्टी और JJP नेता दुष्यंत चौटाला ने भाजपा में जाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि मैं भाजपा में नहीं जाऊंगा। INDIA गठबंधन के साथ गठबंधन के सवाल पर कहा कि अगर हमारे पास संख्या होती है और हमारी पार्टी को प्राथमिकता दी जाती है तो क्यों नहीं करेंगे। इस पर केंद्रीय मंत्री और पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला को किसने बुलाया है? निश्चित रूप से भाजपा तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाएगी। एक नया रिकॉर्ड बनेगा।
यह भी पढ़ें:- राम-वाम सभी TMC के खिलाफ अराजकता पैदा करने के लिए एक साथ: कुणाल घोष
केंद्रीय मंत्री खट्टर ने कहा कि हम हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जीत हासिल करेंगे। वहीं हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार प्रदेश में तीसरी बार बने, इसी शुभकामना के साथ हमने चुनाव कार्यालय की शुरुआत की है। भाजपा की स्पष्ट बहुमत की सरकार जनता के आशीर्वाद से बनेगी। JJP नेता दुष्यंत चौटाला के बयान पर कहा कि यह अच्छी सोच है और इस सोच को वो बनाए रखें। वो कुछ भी करें, कुछ भी बयान दें, वे स्वतंत्र हैं। उनका विचार जनता के बीच जाएगा और जनता उस पर विचार करेगी। हमें जनता की जरूरत है और प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है। (JJP Leader Dushyant Chautala)
CM सैनी ने विपक्ष पर बोला हमला
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे विपक्षी दल की भूमिका भी चिंताजनक है। मैं उन लोगों से कहना चाहता हूं भूपेंद्र सिंह हुड्डा बताएं कि जो जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और NC के बीच गठबंधन हुआ है कि क्या कांग्रेस पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन करके धारा 370 और 35A को वापस लाने के अब्दुल्ला परिवार की भारत विरोधी मंशा का समर्थन करते हैं? जब-जब देश में देश की एकता और अखंडता को तोड़ने और पाकिस्तान-आतंकवाद से हाथ मिलाने की बात आती है तो कांग्रेस पार्टी सबसे आगी खड़ी नजर आती है। राहुल गांधी को सत्ता हासिल करने के लिए देश के टुकड़े करने की मानसिकता अपने पूर्वजों से मिली है। (JJP Leader Dushyant Chautala)



