BJP में कोई छोटा और बड़ा नहीं… सबको बराबर का अवसर: केंद्रीय मंत्री JP नड्डा

JP Nadda in Patna: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री JP नड्डा ने बिहार के पटना में आयोजित ‘भाजपा राष्ट्रीय सदस्यता अभियान’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरा ये सौभाग्य है कि आज मुझे आप सबके साथ ‘सदस्यता अभियान’ से जुड़ने और मिलने के साथ ही सदस्यता अभियान को कार्यरूप देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आप सब लोग बड़े सौभाग्यशाली हैं कि आप इस पवित्र नगरी पाटलिपुत्र के रहने वाले हैं, जहां आपको मां गंगा का आशीर्वाद मिलता है और गुरु गोविंद सिंह की प्रेरणा मिलती है। ऐसी पवित्र धरती को मैं नमन करता हूं।
यह भी पढ़ें:- धारा 370 इतिहास बन चुका…अब कभी लौटकर नहीं आ सकता: केंद्रीय गृहमंत्री शाह
नड्डा ने कहा कि 2 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में भाजपा का राष्ट्रीय सदस्यता अभियान शुरू किया। भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जिसमें देश का प्रधानसेवक, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष समेत सभी को हर 6 साल पर अपनी सदस्यता का नवीनीकरण करवाना पड़ता है। ये किसी और पार्टी में संभव भी नहीं हैं, क्योंकि बाकी सारी पार्टियां या तो किसी जाति की पार्टी है या किसी विशेष समुदाय की पार्टी है या परिवार की पार्टी है, लेकिन भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो सबकी पार्टी है और सारे समाज की पार्टी है। (JP Nadda in Patna)
हमारी पार्टी में सबको बराबर का अवसर: नड्डा
उन्होंने कहा कि हम 18 करोड़ की पार्टी हैं और इस बार हमारा लक्ष्य करीब 10 करोड़ नवीनीकरण का है। अब तक सवा करोड़ से ज्यादा सदस्यता हो चुकी है और हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी पार्टी में अधिकार के साथ-साथ अवसर की भी समानता है। कोई बड़ा नहीं, कोई छोटा नहीं… सबको बराबर का अवसर है। बाकी पार्टियों में अगर आप एक खास परिवार से होंगे तभी अध्यक्ष बन सकते हो, एक खास जाति के होंगे तभी अध्यक्ष बन सकते हो, लेकिन भाजपा में साधारण परिवार से आने वाले लोग PM नरेंद्र मोदी की तरह देश का प्रधानमंत्री बन सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक गरीबों के 4 करोड़ घर बनाए जा चुके हैं, जिसमें करीब एक करोड़ 77 लाख घर हमारे दलित और आदिवासी भाइयों को मिले हैं। (JP Nadda in Patna)
अनुसूचित जाति समाज के लोगों को दिलाई सदस्यता
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि हर विकास की योजना में सबसे ज्यादा हमारे दलित भाइयों को लाभ मिल रहा है। इससे पहले नड्डा ने अनुसूचित जाति समाज के लोगों को सदस्यता दिलाई। वहीं उन्होंने ‘गुरुद्वारा पटना साहिब’ में मत्था टेक आशीर्वाद लिया। साथ ही कहा- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। इधर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि बीजेपी का सदस्यता अभियान का कार्यक्रम जारी है। उसी के तहत दाधापटना आते समय मैंने एक बूथ के सदस्यता अभियान में हिस्सा लिया और आए हुए लोगों को सदस्यता दिलाई। मैंने एक आदिवासी परिवार के घर पर दोपहर का भोजन भी किया। पिछली बार हमने 41 लाख लोगों को सदस्यता दिलाई थी। लोगों ने राज्य में सदस्यता अभियान चलाया और एक सफल संगठन बनाया, इसीलिए हम पिछले चुनाव में सरकार बनाने में कामयाब हुए। (JP Nadda in Patna)



