कन्हैयालाल हत्याकांड : एक आरोपी को जमानत पर गरमाई सियासत, गहलोत के वार पर बीजेपी का पलटवार
Kanhaiya Lal murder Case : राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल हत्याकांड के एक आरोपी मोहम्मद जावेद को बृहस्पतिवार को उच्च न्यायालय ने जमानत दे दी। अदालत के फैसले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी लाभ लेने के लिए (घटना का) राजनीतिक इस्तेमाल किया परन्तु भाजपा नीत केंद्र के राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने दोषियों को सजा देने में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई।
यह भी पढ़े :- Balodabazar Crime News : बंदूक की नोक पर सराफा व्यापारी से लाखों की लूट, फायरिंग कर हुए फरार
भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि कन्हैयालाल हत्याकांड के दोषियों को सजा दिलाने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है। साल 2022 में हुए इस जघन्य हत्याकांड में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) अदालत द्वारा जमानत देने से इनकार किए जाने के बाद आरोपी ने जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। आरोपी ने अपने वकील सैयद सआदत अली के जरिए दलील दी कि उसे फोन कॉल डिटेल के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जबकि साजिश रचने में शामिल अन्य आरोपियों के साथ उसकी लोकेशन का पता नहीं लगाया जा सका।
अली ने कहा कि घटना से पहले अन्य मुख्य आरोपी एक चाय के ढाबे (टी-स्टॉल) पर एकत्र हुए थे लेकिन याचिकाकर्ता की लोकेशन वहां की नहीं थी। उससे कोई बरामदगी नहीं हुई है और मामले में उसका अपराध अभी साबित होना बाकी है। बचाव पक्ष के वकील की दलीलों पर विचार करते हुए न्यायमूर्ति पंकज भंडारी की अध्यक्षता वाली पीठ ने आरोपी को जमानत दे दी, क्योंकि याचिकाकर्ता की गिरफ्तारी उसके और मामले के अन्य मुख्य आरोपियों के खुलासे के बयान पर आधारित थी। (Kanhaiya Lal murder Case)
2022 में उदयपुर में कन्हैया लाल की बेरहमी से हत्या
जून 2022 में उदयपुर के व्यस्त हाथीपोल इलाके में दर्जी कन्हैयालाल की उनकी दुकान पर चाकू से हमला कर हत्या (Kanhaiya Lal murder Case) कर दी गई थी। कन्हैयालाल पर दो लोगों ने चाकू से हमला किया था। आरोपी इस बात से नाराज बताए जा रहे थे कि कन्हैयालाल ने सोशल मीडिया पर इस्लाम के खिलाफ एक पोस्ट का कथित तौर पर समर्थन किया था। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। मामले की जांच एनआईए कर रही है।



