Kanker Naxal attack : कांकेर में नक्सलियों ने तेंदूपत्ता फड़ों में लगाई आग, 551 बोरे खाक, 30 लाख से ज्यादा का नुकसान

Kanker Naxal attack : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर हिंसा फैलाते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्रों को निशाना बनाया है। कापसी परिक्षेत्र के बड़गांव थाना अंतर्गत मेंड्रा समिति और परतापुर थाना क्षेत्र में तेंदूपत्ता खरीदी के छह केंद्रों में आगजनी की गई। इसमें कुल 551 मानक बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया, जिससे अनुमानित 30.32 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें :- BSF Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर में महिला जवानों की अग्रिम मोर्चे पर तैनाती, पाकिस्तान को बीएसएफ का करारा जवाब
एसडीओ फॉरेस्ट एच.एस. उइके ने बताया कि नक्सलियों ने केंद्रों में घुसकर आग लगाई और लाखों की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। माना जा रहा है कि नक्सली इस तरह की घटनाओं के जरिए अपनी मौजूदगी का अहसास कराना चाहते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Kanker Naxal attack)
इससे पहले 24 मई को कोयलीबेला क्षेत्र के गोमे गांव में भी तीन जगहों पर इसी तरह की आगजनी की घटना हुई थी। गट्टाकाल ‘अ’ केंद्र में 80 बोरा, गट्टाकाल ‘ब’ में 163 बोरा और गोमे में 108 बोरा तेंदूपत्ता जलाया गया। इस घटना में 11.27 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। (Kanker Naxal attack)
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदूपत्ता को बारिश से बचाने के लिए ढककर रखा गया था। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस समय और किस दिशा से लगाई गई। हालांकि घटनास्थल पर नक्सलियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं, और जांच दल मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है।
इस तरह की घटनाएं तेंदूपत्ता संग्राहकों और स्थानीय प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। शासन और सुरक्षा बलों ने इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। (Kanker Naxal attack)



