BSF Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर में महिला जवानों की अग्रिम मोर्चे पर तैनाती, पाकिस्तान को बीएसएफ का करारा जवाब

BSF Operation Sindoor : जम्मू सीमा पर बीएसएफ द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में महिला कर्मियों की वीरता देखने को मिली। बीएसएफ के आईजी जम्मू शशांक आनंद ने बताया कि महिला अधिकारी सहायक कमांडेंट नेहा भंडारी ने अग्रिम चौकी की कमान संभाली, जबकि कांस्टेबल मंजीत कौर, मलकीत कौर, ज्योति, सम्पा और स्वप्ना ने भी अग्रिम मोर्चों पर बहादुरी से मुकाबला किया।
यह भी पढ़ें :- Dhamtari ration card fraud : 4687 राशन कार्ड संदिग्ध, मृतकों के नाम पर उठ रहे थे राशन, ई-केवाईसी नहीं कराने वालों पर कार्रवाई
ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान की ओर से बीएसएफ पोस्ट्स पर ड्रोन हमले और गोलीबारी हुई, जिसमें बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज, कांस्टेबल दीपक कुमार और सेना के नायक सुनील कुमार शहीद हो गए। बीएसएफ ने उनकी स्मृति में दो पोस्ट्स के नामकरण और एक पोस्ट को ‘सिंदूर’ नाम देने का प्रस्ताव भेजा है। (BSF Operation Sindoor)
आईजी शशांक आनंद ने बताया कि पाकिस्तान की सेना आतंकियों के सहारे घुसपैठ की कोशिश कर रही थी। लगभग 40 से 50 आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे और फॉरवर्ड पोस्ट को नुकसान पहुंचाने की साजिश थी। बीएसएफ ने जबरदस्त जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों के लॉन्चपैड्स और शिविरों को तबाह कर दिया। (BSF Operation Sindoor)
बीएसएफ ने ऑपरेशन सिंदूर का एक नया वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कार्रवाई की झलक मिलती है। बीएसएफ डीआईजी चित्तर पाल ने बताया कि 9 मई को पाकिस्तान ने अब्दुलियान गांव और कई चौकियों को फ्लैट ट्रैजेक्टरी हथियार और मोर्टार से निशाना बनाया। जवाब में बीएसएफ ने पाकिस्तान के मस्तपुर आतंकी लॉन्च पैड को तबाह किया।
डीआईजी एसएस मंड ने बताया कि 8 मई को 40-50 संदिग्धों की हरकत दिखने के बाद बीएसएफ ने एहतियातन कार्रवाई की, जिससे कई आतंकियों और उनके समर्थकों को भारी नुकसान हुआ।
सीमावर्ती गांवों में BSF लगातार निगरानी कर रही है और नागरिकों के बीच विश्वास बहाली के लिए बैठकें, चिकित्सा शिविर और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। (BSF Operation Sindoor)



