केदारनाथ धाम के खुले कपाट, पहले दिन पहुंचे 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु

Kedarnath Dham Door Open: उत्तराखंड में सुबह 7 बजे केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मंदिर के अंदर जलती अखंड ज्योति के दर्शन किए। इसके बाद रुद्राभिषेक, शिवाष्टक, शिव तांडव स्तोत्र और केदाराष्टक के मंत्रों का जाप किया। मंदिर में सबसे पहले कर्नाटक के वीरशैव लिंगायत समुदाय के मुख्य रावल भीमशंकर पहुंचे। इसके बाद बाबा पर 6 महीने पहले चढ़ाया गया भीष्म शृंगार हटाया गया। बता दें कि मंदिर को 54 किस्म के 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया है, जिसमें नेपाल, थाईलैंड और श्रीलंका जैसे कई देशों से लाए गए गुलाब और गेंदा के फूल शामिल हैं। पहले दिन 10 हजार से ज्यादा लोग दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालु अब अगले 6 महीने तक दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया से चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल गए हैं। बद्रीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। धाम के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई।
CM धामी ने कहा कि मैं आप सभी का बाबा के इस पावन धाम पर स्वागत करता हूं और अभिनंदन करता हूं। मुझे इस बार गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर वहां रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ठीक 2 दिन बाद बद्रीनाथ मंदिर के कपाट भी खुलेंगे और यात्रा पूर्ण रूप से शुरू हो जाएगी। (Kedarnath Dham Door Open)
CM पुष्कर ने कहा कि यात्रा को इस बार पूरी तरह से व्यवस्थित करने के लिए बीते सालों के हमारे अनुभवों के आधार पर सभी प्रयास किए गए हैं। देश-दुनिया से यहां आने वाले हमारे सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हो, सुरक्षित हो और उन्हें किसी तरह की परेशानी ना हो इसलिए हमने 2024 की यात्रा संपन्न होते ही 2025 यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर पूजा भी की है। आतंकवाद और अलगाववाद जैसे मुद्दे जो हमारे सामने हैं, बाबा हमारे प्रधानमंत्री को शक्ति देंगे और पहलगाम में ऐसी घटना करने वाले दुश्मनों, राक्षसों का खात्मा होगा। (Kedarnath Dham Door Open)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री बाबा के अनन्य भक्त हैं। उनके नाम से यहां हर बार पहली पूजा होती है। इस बार भी पूजा की गई है कि बाबा प्रधानमंत्री मोदी को देश का नेतृत्व लंबे समय तक करने की शक्ति दें। हमारा प्रयास है कि इस यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा सरल हो। यहां पर नवनिर्माण और पुन:निर्माण का कार्य 2014 के बाद से शुरू हुआ है। 2013 की आपदा के बाद यह पूरा परिसर क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में इस नवनिर्माण और पुन:निर्माण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का हमारा प्रयास है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी ने केदारनाथ धाम में भक्तों के लिए भंडारा वितरण किया। (Kedarnath Dham Door Open)
रुद्रप्रयाग SP अक्षय प्रहलाद कोंडे ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिसंबर से ही तैयारियां शुरू कर दी थी। यह यात्रा इतने बड़े पैमाने की है, इसलिए हमारी पहली प्राथमिकता तीर्थयात्री और उनकी सुरक्षा है। हम मंदिर की सुरक्षा बढ़ा रहे हैं और मंदिर क्षेत्र में तलाशी शुरू कर रहे हैं। यात्रा प्रबंधन के लिए आईटीबीपी की एक पूरी कंपनी वहां मौजूद रहेगी। आतंकवाद निरोधक दस्ता, उत्तराखंड पुलिस की सामान्य बटालियन, जिला पुलिस और उत्तराखंड पुलिस के अन्य बल वहां मौजूद रहेंगे। हम रुद्रप्रयाग जिले के प्रवेश बिंदु से ही सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होगी। इस मौसम में काफी भीड़ होती थी, कुछ जगहों पर दर्शन के दौरान यात्रियों को रोकना पड़ता था, तीर्थयात्री कतार में खड़े रहते थे। इस बार पर्यटन विभाग की पहल पर हम टोकन सिस्टम शुरू कर रहे हैं, सभी को एक घंटे का स्लॉट मिलेगा और हम उन्हें उनके स्लॉट से 15 मिनट पहले ही अंदर जाने देंगे, हम यह सब व्यवस्थित तरीके से करेंगे। अगले 2 महीने तक वीआईपी मूवमेंट को ना कह दिया गया है। (Kedarnath Dham Door Open)



