Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार की हार, जीत के लिए बीजेपी को दी बधाई

Kejriwal on Election Result: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि हम जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे उन उम्मीदों पर खरे उतरेंगे, जिसके साथ लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। लोगों ने हमें जो 10 साल दिए, उसमें हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी के क्षेत्र में काम किया। अब लोगों ने जो फैसला हमें दिया है, उसके साथ हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, बल्कि जनता की सेवा करते रहेंगे। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय : चेकिंग के दौरान कार से पकड़ी गई 35 लाख की चांदी की पायल, 177 जोड़ी पायल जब्त

केजरीवाल ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बहुत शानदार चुनाव लड़ने की बधाई देता हूं। दिल्ली CM आतिशी ने कहा कि मैं कालकाजी विधानसभा की जनता का धन्यवाद करना चाहती हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा दिखाया। अपनी पूरी टीम का धन्यवाद करना चाहती हूं। दिल्ली की जनता का जनादेश हमें स्वीकार है। भाजपा के खिलाफ, उनकी तानाशाही और गुंडागर्दी के खिलाफ जंग जारी रहेगी। AAP हमेशा गलत के खिलाफ लड़ती आई है और लड़ती रहेगी। (Kejriwal on Election Result)

जंगपुरा के लोगों ने बहुत प्यार दिया: सिसोदिया

AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि जंगपुरा के लोगों ने बहुत प्यार दिया, लेकिन लगभग 600 वोट से हम पीछे रह गए, जो उम्मीदवार जीते हैं, हम उन्हें बधाई देते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि जंगपुरा के लोगों की समस्याओं को वे हल करेंगे। पटपड़गंज विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार अवध ओझा ने कहा कि मैं जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं दूसरे स्थान पर आया, अगली बार खुद को शीर्ष पर लाने की कोशिश करूंगा। चूक यह हुई कि मैं सभी से मिल नहीं पाया, शायद मुझे इसके लिए अच्छा समय नहीं मिला लेकिन फिर भी मैं इस हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेता हूं। (Kejriwal on Election Result)

अन्ना हजारे ने बताई वजह

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर समाज सेवक अन्ना हजारे ने कहा कि लोगों ने नई पार्टी पर विश्वास किया था, लेकिन आगे चलकर शराब की दुकान बढ़ाने के कारण अरविंद केजरीवाल की छवि खराब होने लगी। निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा ही भगवान की पूजा होती है, ये उनके समझ में नहीं आया, जिसके कारण वो गलत रास्ते पर गया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि दिल्ली में हमारी सभी बैठकों और जिन लोगों से मैं मिल रही थी, उन सबसे यह बहुत स्पष्ट था कि लोग बदलाव चाहते थे और वे उन चीजों से तंग आ चुके थे। (Kejriwal on Election Result)

जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया: प्रियंका

उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है, जो जीतें उन्हें बधाई। हमें और अधिक मेहनत करनी होगी, हम लोगों के मुद्दे उठाते रहेंगे कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि भाजपा सरकार बना रही है और कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत खराब रहा है। अगर हमारा वोट प्रतिशत बढ़ भी जाए तब भी ये हमारी हार है, क्योंकि कांग्रेस के वोट भाजपा में चले गए। मध्यम वर्ग अरविंद केजरीवाल से बहुत नाराज था। AAP को जो वोट मिला, वह भी सिर्फ लाभार्थियों का वोट है। AAP को विचारधारा का वोट नहीं मिलती। (Kejriwal on Election Result)

भाजपा की बढ़त लगभग निर्णायक: RJD

नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि भाजपा की सरकार बन रही है। ये जनता का फैसला है, हम सिर्फ इतना कह सकते हैं कि हमने मुद्दे उठाए, और काफी हद तक चुनाव हमारे उठाए मुद्दों पर आधारित था। अंत में जनता जो कहेगी वह मंजूर है। RJD सांसद मनोज झा ने ने कहा कि भाजपा की बढ़त लगभग निर्णायक है। अगर भाजपा को 27 साल बाद जनादेश मिला है तो उसके साथ जिम्मेदारी भी आती है। ये चुनाव है, यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। कब आपको अर्श पर बिठाएगा, कब आपको फर्श पर लाएगा और ये सभी पार्टियों पर लागू होता है। (Kejriwal on Election Result)

जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया: गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है, ये बहुत महत्वपूर्ण है। हम दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त और दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाना चाहते हैं। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की तस्वीर बदलेगी। हमें अपेक्षा से भी अच्छी जीत मिली है। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि मैं भाजपा को उसकी ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं। अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन चलाकर सत्ता में आए और खुद केजरीवाल भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस पूरे देश में वेंटिलेटर पर है, उन्हें अब जनता से कोई सरोकार नहीं है। (Kejriwal on Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!