Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में 27 साल बाद BJP की सरकार, PM नरेंद्र मोदी ने कहा- जनशक्ति सर्वोपरि

PM on Election Result: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि जनशक्ति सर्वोपरि है। विकास और सुशासन की जीत हुई है। मैं भाजपा को मिले इस शानदार और ऐतिहासिक जनादेश के लिए दिल्ली के अपने प्यारे भाइयों और बहनों को नमन करता हूं। आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। यह हमारी गारंटी है कि हम दिल्ली के चौतरफा विकास, लोगों के जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार लाने और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की प्रमुख भूमिका हो

यह भी पढ़ें:- पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने स्वीकार की हार, जीत के लिए बीजेपी को दी बधाई

PM मोदी ने कहा कि मुझे दिल्ली बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी ज्यादा मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत है। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार को स्वीकारा है। आम आदमी पार्टी के झूठ और फरेब को नकारा है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सभी बड़े चेहरे हार गए, इससे साफ पता चलता है कि जनता झूठ-फरेब की राजनीति पर विश्वास नहीं करती। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी फिर से शून्य पर है। वे हरियाणा, महाराष्ट्र और अब दिल्ली में साफ हो गए, अगली बारी बिहार की है। (PM on Election Result)

लोगों ने प्रधानमंत्री को जीत दिलाई: स्मृति

भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि वह भारतीय राजनीति में आमूलचूल सुधार लाने आए हैं, लेकिन वह खुद शराब घोटाले में लिप्त पाए गए, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ग्रामीण आवास योजना में बाधाएं पैदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन उन्होंने अपने लिए ‘शीशमहल’ बनवाया। आज लोग प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी विकास सेवाओं को स्वीकार कर रहे हैं। यह सुशासन की ओर लोगों का पहला कदम है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को सुशासन का एक मॉडल दिया है। दिल्ली के लोगों ने पिछले 10 सालों में भ्रष्टाचार और अराजकता को देखा है। लोगों ने प्रधानमंत्री को जीत दिलाई है। अब दिल्ली के लोग विकास चाहते हैं, सुशासन चाहते हैं। डबल इंजन सरकार अहम भूमिका निभाएगी। आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की जनता के साथ जो धोखा किया था, उसका जवाब जनता ने दे दिया है। (PM on Election Result)

दिल्ली में खिला कमल: CM प्रमोद

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि दिल्ली में कमल खिला है, डबल इंजन की सरकार बनी है। मैं दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में कमल खिला है, मुझे पूरा विश्वास है कि जैसे डबल इंजन की सरकारों ने पूरे देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया है, वैसा ही विकास दिल्ली में भी होगा। लोगों ने दिखा दिया है कि भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है, सुशासन ही एकमात्र मॉडल है। यह सभी कार्यकर्ताओं की जीत है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि इतने सालों के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हमारे साथ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारों में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली में बहुत भ्रष्टाचार हुआ है, इसलिए जनता पारदर्शिता वाली सरकार चाहती है। मैं दिल्ली की जनता को बधाई देता हूं। (PM on Election Result)

भाजपा में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं: CM साहा

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि हमें पता था कि इस बार दिल्ली में हमारी सरकार बनने जा रही है। हमारे पास प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व है। भाजपा में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है। जनता पारदर्शी सरकार चाहती थी। दिल्ली के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास दिखाया है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज दिल्ली को प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चलने वाली सरकार मिली है। तेलंगाना भाजपा प्रमुख जी. किशन रेड्डी ने कहा कि अब दिल्ली में भी डबल इंजन सरकार आएगी। दिल्ली का तेज गति से विकास होगा। दिल्ली की जनता ने आज भ्रष्टाचार को नकारा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ये दिल्ली के नागरिकों की जीत है। दिल्ली की जनता बहुत समझदार है। दिल्ली के मतदाताओं ने कभी भी भाजपा को छोड़ा नहीं था। लोकसभा चुनाव में लगातार भाजपा को जीत मिली थी लेकिन लोकल मुद्दों पर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को गुमराह किया था। (PM on Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!