Google Analytics —— Meta Pixel

धर्म के नाम पर गरीबों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge on BJP Government: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने MP के महू में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महू की धरती में बाबा साहेब अंबेडकर का जन्म हुआ था, उन्होंने देश में दलितों और वंचितों को उनके अधिकार दिलाने का काम किया। जब बाबा साहेब अकेले इतना काम कर सकते हैं, तो अगर आप सभी बाबा साहेब अंबेडकर जैसे बन जाएं, तो BJP की सरकार हिल जाएगी। आप सभी को बाबा साहेब, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जैसा बनना है और संविधान की रक्षा करनी है। ये लड़ाई आपकी तरफ से राहुल गांधी जी लड़ रहे हैं। आज BJP-RSS के लोग कांग्रेस को बुरा-भला कहते हैं, लेकिन इन्होंने देश की आजादी के लिए कुछ नहीं किया।

यह भी पढ़ें:- वक्फ बिल में बदलावों को लेकर विपक्ष ने जताई आपत्ति, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को खत्म करने का लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि ये लोग आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के साथ थे, अंग्रेजों की नौकरी करते थे। आजादी की लड़ाई में उनका कोई योगदान नहीं है। इसलिए आपको एकजुट होकर इन लोगों को सबक सिखाना है और अपने अधिकारों की रक्षा करनी है। बाबा साहेब अंबेडकर जी के बारे में BJP रोज अफवाह फैलाती है कि उन्हें चुनाव में हरवा दिया गया, लेकिन बाबा साहेब ने अपने मित्र को लिखे एक पत्र में बताया है कि मुझे हराने की साजिश एसए डांगे और सावरकर ने रची थी। धर्म पर हम सभी की आस्था है, धर्म हम सभी के साथ है, लेकिन अगर धर्म के नाम पर किसी समाज में गरीबों का शोषण होगा तो हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। (Kharge on BJP Government)

खड़गे ने कहा कि समाज में समानता स्थापित करना बाबा साहेब का लक्ष्य था। इसलिए उन्होंने कई कानून बनाए, जिसमें उन्हें महात्मा गांधी जी और जवाहरलाल नेहरू जी का पूरा समर्थन मिला। मध्यप्रदेश में ही एक आदिवासी युवक पर पेशाब कर उसे अपमानित किया गया था, फिर शिवराज सिंह चौहान उस युवक के पैर धो रहे थे। ऐसे पैर धोने से कुछ नहीं होगा, उन्हें उनके अधिकार दीजिए। नरेंद्र मोदी कहते थे- ‘अबकी बार 400 पार’। 400 पार की बात तो छोड़िए, BJP बहुमत में भी नहीं है। नरेंद्र मोदी तो नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहारे सरकार चला रहे हैं, जिस दिन कोई हट गया, उनकी सरकार गिर जाएगी। (Kharge on BJP Government)

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि हम धर्म के नाम पर गरीबों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। वल्लभभाई पटेल ने आरएसएस को बंद करने का आदेश दिया था, फिर भी उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और वल्लभभाई पटेल को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर दिया। जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि हमें मिलकर उस भयानक समुदाय को नष्ट करना चाहिए, जिसने हमारे युग के सबसे महान व्यक्ति महात्मा गांधी को मार डाला। उन ताकतों को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिए। ऐसे लोग भारतीय कहलाने के भी योग्य नहीं है। आरएसएस और भाजपा राष्ट्र विरोधी हैं। गांधी जी की मृत्यु के समय RSS वालों ने जश्न मनाया और मिठाई बांटी। ऐसे में सरकार के पास RSS के खिलाफ कदम उठाने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा। (Kharge on BJP Government)

खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी जी ने जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाया है। देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए। इससे ही पता चलेगा कि देश में किस वर्ग की कितनी भागीदारी है। राहुल गांधी जी देश के गरीबों की भलाई के लिए लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में हमें उनका साथ देना है। हमें पीछे नहीं हटना है। क्योंकि अगर इस लड़ाई में हम पीछे हटेंगे तो हमारी हार होगी। महात्मा गांधी जी ने कहा था कि मैं एक ऐसे भारत के लिए काम करूंगा, जिसमें गरीब से गरीब भी ये महसूस कर सकें कि ये देश उनका है और इसके निर्माण में उनकी जोरदार आवाज है। ऐसे भारत में ऊंच-नीच का भेद नहीं होगा, सभी जातियां मेल-मिलाप से रहेंगी और छुआ-छूत के लिए कोई स्थान नहीं होगा। स्त्री और पुरुषों के समान अधिकार होंगे, लेकिन अफसोस कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे लोग बापू के उसूलों को नहीं मानते। (Kharge on BJP Government)

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर महार जाति से आते थे, लेकिन मध्य प्रदेश में महार जाति को आरक्षण नहीं मिलता है। यहां हमारी सरकार बनते ही महार जाति को Scheduled Castes (SCs) का दर्जा दिलाकर रहेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि एक तरफ नरेंद्र मोदी संविधान को सलाम करते हैं और दूसरी तरफ उसके खिलाफ हर काम करते हैं। नरेंद्र मोदी के झूठे वादों से मूर्ख मत बनिए। क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर हो जाती है? जब बच्चे भूख से मर रहे हैं, तो ये लोग गंगा में डुबकी लगाने और एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करने में हजारों रुपये खर्च कर रहे हैं। ऐसे लोग देश का कोई भला नहीं कर सकते। (Kharge on BJP Government)

Back to top button
error: Content is protected !!