Google Analytics —— Meta Pixel

नरेंद्र मोदी की नैतिक और राजनीतिक रूप से बहुत बड़ी हार: मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge on Election Result: लोकसभा चुनाव परिणाम 2024 को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज चुनाव का जो रिजल्ट आया है, वो जनता का रिजल्ट है। ये जनता और लोकतंत्र की जीत है। 18वीं लोकसभा के चुनावों में हम विनम्रता से जनमत को स्वीकार करते हैं। इस बार जनता ने किसी एक दल खासकर सत्ता पक्ष को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है। BJP ने एक व्यक्ति और एक चेहरे पर वोट मांगा है, लेकिन अब स्पष्ट है कि जनादेश नरेंद्र मोदी के खिलाफ गया है। ये उनकी नैतिक और राजनीतिक रूप से बहुत बड़ी हार है।

यह भी पढ़ें:- भारत की जनता ने संविधान और लोकतंत्र को बचा लिया: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

खड़गे ने कहा कि नैतिक दृष्टि से उन्हें बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। कांग्रेस पार्टी और हमारे INDIA गठबंधन ने प्रतिकूल माहौल में चुनाव लड़ा। हमने जनता से जुड़े मुद्दों पर चुनाव लड़ा। इन मुद्दों से जनता जुड़ी और हमारा समर्थन किया। नरेंद्र मोदी ने जिस तरह का कैम्पेन किया, वह इतिहास में याद रखा जाएगा। कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में नरेंद्र मोदी ने जो झूठ फैलाया, उसे जनता ने समझ लिया। मैं इस मौके पर कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी अपनी दोनों यात्राओं के दौरान लाखों लोगों से मिले। उन लोगों की समस्याओं को सुनना और उसका हल ढूंढना ही हमारे कैम्पेन का आधार बना। (Kharge on Election Result)

संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश: खड़गे

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण बात है कि BJP ने गैर-कानूनी तरीके से संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश की। फिर इन संस्थाओं का प्रयोग विपक्षी दलों के खिलाफ किया, जो दबाव में आए, वो इनके साथ चले गए और जो नहीं दबे, उनकी पार्टी तोड़ दी गई या फिर उन्हें जेल में डाल दिया गया। लोगों को विश्वास हो गया था कि अगर BJP को एक मौका और मिला तो अगला हमला संविधान और लोकतंत्र पर होगा। खुशी इस बात की है कि अब BJP इस षडयंत्र में सफल नहीं हो पाएगी। (Kharge on Election Result)

लोकतंत्र के बचाव के लिए लड़ना होगा: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस अवसर पर CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, हमारे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का विशेष धन्यवाद करना चाहूंगा, क्योंकि इनकी वजह से हमें देशभर में प्रोत्साहन मिला। हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं ने भी हमारा साथ दिया, मैं उन्हें भी धन्यवाद देता हूं। इसके अलावा, मैं INDIA गठबंधन के सभी साथियों और शुभचिंतकों को भी धन्यवाद देता हूं। हमारी लड़ाई अभी अंजाम तक नहीं पहुंची है। हम सभी को आने वाले दिनों में जनता के अधिकारों, देश की सुरक्षा, संविधान और लोकतंत्र के बचाव के लिए लड़ना होगा। (Kharge on Election Result)

Back to top button
error: Content is protected !!