छत्तीसगढ़ में होगा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स, चयन ट्रायल में शामिल हुए एक हजार से ज्यादा खिलाड़ी

Khelo India Tribal Games: केंद्रीय खेल और युवा कल्याण विभाग की ओर से खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन अगले महीने छत्तीसगढ़ में होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम के चयन के लिए तीन दिनों तक ट्रायल चला, जिसमें प्रदेशभर के एक हजार से ज्यादा जनजातीय खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नेशनल ट्राइबल गेम्स में शामिल 7 खेलों के लिए खिलाड़ियों के चयन के लिए 6 जनवरी से 8 जनवरी तक रायपुर और बिलासपुर में ट्रायल हुए।
यह भी पढ़ें:- बालोद में आज से शुरू होगा पहला राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, देश-विदेश से जुटेंगे 15 हजार रोवर-रेंजर
रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में कुश्ती, फुटबॉल और वेट-लिफ्टिंग के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया था। वहीं सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी के ट्रायल हुए। बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में तीरंदाजी और एथलेटिक्स, सरकंडा स्थित जिला खेल परिसर में तैराकी खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल हुए। राज्य के अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ियों ने दोनों शहरों में आयोजित चयन ट्रायल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। (Khelo India Tribal Games)
रायपुर में संपन्न चार खेलों के चयन ट्रायल में कुल 558 खिलाड़ियों ने भागीदारी की। इनमें 355 पुरुष और 203 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। बालोद जिले के 55, बस्तर के 31, बीजापुर के 9, गरियाबंद के 6, जांजगीर-चांपा के 3, जशपुर के 92, कबीरधाम के 36, कांकेर के 51, कोंडागांव के 23, कोरबा 9, महासमुंद के 14, रायगढ़ के 21, राजनांदगांव के 16, सरगुजा के 23, सुकमा के 31, धमतरी के 13, दुर्ग के 11, बेमेतरा के 4, बिलासपुर के 8, दंतेवाड़ा के 19, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के 6, रायपुर के 12, बलौदाबाजार-भाटापारा के 4, बलरामपुर-रामानुजगंज के 12, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के 4, कोरिया के 4, नारायणपुर के 27, सक्ती के 4 और सूरजपुर के 10 खिलाड़ियों ने चयन ट्रायल में भाग लिया।

रायपुर में हॉकी में 148, कुश्ती में 37, वेट-लिफ्टिंग में 40 और फुटबॉल में 333 खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हुए। वहीं बिलासपुर में तीन खेलों में 470 खिलाड़ियों ने राज्य की टीम में चयन के लिए दावेदारी की। चयन ट्रायल के दौरान विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, अनुसूचित जनजाति विकास विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी दी। बता दें कि देश में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ करेगा। यह आयोजन 14 से 29 फरवरी तक रायपुर और जगदलपुर में आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह 14 फरवरी को रायपुर में होगा। (Khelo India Tribal Games)




