Korba Love Jihad case : कोरबा लव जिहाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जज बोले- युवती बालिग, परिजनों की संतुष्टि भी जरूरी
Korba Love Jihad case : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कथित लव जिहाद का मामला अब हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। मुस्लिम युवक तौशीफ मेनन की ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा कि भले ही युवती बालिग है और युवक के साथ रहने की इच्छा जाहिर कर रही है, लेकिन परिजनों की संतुष्टि भी जरूरी है।
इसलिए कोर्ट ने दोनों पक्षों को मध्यस्थता केंद्र भेजने के निर्देश दिए हैं, जहां युवती और उसके परिजनों के बीच बातचीत कराई जाएगी। इस केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को मामले की अगली सुनवाई होगी।
कॉलेज जाने के बाद लापता हुई थी छात्रा
21 अप्रैल 2025 को कटघोरा की रहने वाली कॉलेज छात्रा घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस जांच में पता चला कि युवती कोलकाता में तौशीफ मेनन के साथ है, जहां मस्जिद में कथित रूप से दोनों का निकाह कराया गया था। (Korba Love Jihad case)
निकाह के बाद शुरू हुआ विवाद
कोरबा पुलिस ने दोनों को वापस कोरबा लाकर पूछताछ की। शुरुआत में युवती को युवक के घर भेज दिया गया था, लेकिन हिंदू संगठनों के विरोध के बाद उसे सखी सेंटर और फिर शक्ति सदन में रखा गया। इस बीच, तौशीफ ने खुद को युवती का पति बताते हुए हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। (Korba Love Jihad case)
नाम छिपाकर विवाह करने का आरोप
युवती के परिजनों के वकीलों ने कोर्ट में तौशीफ पर नाम और पहचान छिपाकर विवाह करने का आरोप लगाया, जिसे उन्होंने अवैध बताया। कोर्ट ने यह मानते हुए कि युवती बालिग है, उसके स्वतंत्र निर्णय का सम्मान जरूरी है, लेकिन परिजनों की आशंका और सामाजिक परिस्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में मध्यस्थता जरूरी है, ताकि सभी पक्षों को संतोष हो। अब मध्यस्थता केंद्र की रिपोर्ट के बाद बुधवार को फिर से हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होगी। (Korba Love Jihad case)



