Google Analytics —— Meta Pixel

जसगीत गाने जा रही महिलाओं को बुलेट ने कुचला, दो की मौत; तीन घायल

Korba Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गईं। हादसा दर्री थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रात करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि महिलाएं मादर-ढोल लेकर जसगीत गाने के लिए ठाकुर देवता स्थल जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को बाइक ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर गांव की करीब 7 से 9 महिलाएं मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल की ओर जा रही थीं। महिलाएं जसगीत गाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तीन युवकों के सवार होने की बात कही जा रही एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। (Korba Road Accident)

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में बिंदा महंत और बरबस महंत की मौत

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान 53 वर्षीय बिंदा महंत और बरबस महंत के रूप में हुई है। दोनों गोपालपुर गांव की निवासी थीं और आपस में रिश्तेदार थीं।

एक साथ दो महिलाओं की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। घटना के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत कार्यक्रम को बंद कर दिया गया। मृतक महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बुलेट चालक की हालत गंभीर

हादसे में बाइक चालक राहुल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने दो महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज से दो मौतों का मेमो प्राप्त हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना को लेकर अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। (Korba Road Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!