कोरिया हत्याकांड में भाजपा नेता समेत अब तक तीन लोगों की मौत, परिजनों ने की CBI जांच और एनकाउंटर की मांग

Koriya Murder Case Update: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन और कथित अवैध उगाही को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नौगई गांव में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार ने मामले की सीबीआई जांच समेत आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात नौगई गांव में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को हाईवा वाहनों से घेर लिया। आरोप है कि वाहन को रोकने के बाद उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से फॉर्च्यूनर में सवार भरत सिंह जिंदा जल गए।
यह भी पढ़ें:- परिसीमन की राह में जुट रहा नंबर गेम! TMC, AAP और शिवसेना में टूट के बाद भी NDA को 44 सांसदों की तलाश
हमले में गंभीर रूप से घायल उनके चचेरे भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह को इलाज के लिए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं विरेंद्र सिंह ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना में घायल मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह का उपचार जारी है। मयंक सिंह के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि योगेंद्र सिंह को भी अंदरूनी चोटें लगी हैं।जानकारी के मुताबिक चिरमी रेत घाट का ठेका करीब आठ माह पहले नागेंद्र सिंह के बेटे के नाम पर मिला था। इसके बाद क्षेत्र में रेत परिवहन और कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद बढ़ने लगा। आरोप है कि भरत सिंह और उनके समर्थक अलग-अलग घाटों से निकलने वाले रेत वाहनों से प्रति हाईवा एक हजार रुपए तक की वसूली करते थे। (Koriya Murder Case Update)

एक दिन पहले हुई थी मारपीट
दूसरी ओर आरोपी पक्ष से जुड़े त्रिपाठी परिवार के पास भी रेत परिवहन के वाहन हैं। बताया जा रहा है कि रेत कारोबार में हिस्सेदारी और वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई महीनों से तनाव बना हुआ था। यही विवाद धीरे-धीरे हिंसक रूप लेता गया। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले नौगई के शिवघाट क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में सोनहत थाने में शिकायत और FIR भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव और बढ़ गया। परिजनों का दावा है कि भरत सिंह विवाद खत्म कराने और समझौते के लिए गांव पहुंचे थे, लेकिन पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि फॉर्च्यूनर को दो बार हाइवा से टक्कर मारी गई और वाहन रुकने के बाद उसमें आग लगा दी गई। इसके बाद बाहर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। (Koriya Murder Case Update)
9 आरोपियों पर मामला दर्ज, चार गिरफ्तार
सरगुजा रेंज के IG दीपक झा ने बताया कि पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों में मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी, गौरव त्रिपाठी, महेंद्र त्रिपाठी, अमन और अक्षय त्रिपाठी शामिल हैं। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटनास्थल से एक ऑल्टो कार, रेत से भरा डंपर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह पहले कांग्रेस से जुड़े थे और बाद में भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्हें क्षेत्र का प्रभावशाली नेता माना जाता था। वहीं आरोपी मनोज त्रिपाठी को भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह का करीबी बताया जाता है। (Koriya Murder Case Update)
परिजनों ने की पुलिस से मांग
मृतक के भाई जितेंद्र सिंह ने घटना को बेहद निर्मम बताते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। परिवार ने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल कोरिया का यह चर्चित हत्याकांड पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। रेत कारोबार से जुड़े विवाद, राजनीतिक रिश्तों और कथित अवैध उगाही के आरोपों के बीच हुई इस तिहरी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जहां फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, वहीं मृतकों के परिजन CBI जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। ऐसे में अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ सके।



