छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों का जम्मू-कश्मीर में ही अंतिम संस्कार, शव गांव नहीं पहुंचने से परिजनों में नाराजगी

Kulgam Terror Attack: कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद शनिवार को दोनों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही कर दिया गया। सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव निवासी भूपेंद्र भैना के पार्थिव शरीर गृहग्राम नहीं लाए जाने से परिजनों में गहरा आक्रोश और नाराजगी है। परिवारों का कहना है कि वे अपने बेटे का अंतिम दर्शन भी नहीं कर सके और अंतिम संस्कार की जानकारी तक समय पर नहीं दी गई। जानकारी के मुताबिक कुलगाम जिले के केलाम क्षेत्र में आतंकियों ने दोनों मजदूरों से पहले उनकी पहचान पूछी और नाम जानने के बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- कुलगाम आतंकी हमले पर पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला का विवादित बयान, बोले- पूर्ण राज्य का दर्जा मांगते ही क्यों होते हैं ऐसे हमले ?
सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे करीब एक साल पहले अपनी पत्नी और भाई के साथ रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे। वहां वे एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर रहे थे। दीपक अपनी मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और दो साल के बेटे का इकलौता सहारा था। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव निवासी भूपेंद्र भैना लगभग तीन से चार महीने पहले अपनी पत्नी के साथ मजदूरी के लिए कश्मीर गए थे। उनके परिवार में दो साल का बेटा, बहन और दादी गांव में रहते हैं, जबकि माता-पिता और छोटा भाई हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते हैं। पिता दशरथ भैना ने बेटे का पार्थिव शरीर गांव लाने की मांग की थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही कर दिया गया। (Kulgam Terror Attack)
जम्मू-कश्मीर सरकार के रवैये पर नाराजगी
सक्ती में दीपक रात्रे के अंतिम संस्कार की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने जम्मू-कश्मीर सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि प्रशासन ने पहले पार्थिव शरीर गांव लाने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में बिना परिवार की मौजूदगी के अंतिम संस्कार कर दिया गया। भूपेंद्र भैना के पिता दशरथ भैना ने कहा कि उन्हें बेटे के अंतिम संस्कार की जानकारी तक नहीं थी। पहले अधिकारियों ने कर्फ्यू का हवाला देकर पार्थिव शरीर नहीं भेज पाने की बात कही और बाद में अंतिम संस्कार हो जाने की सूचना दी। हालांकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ के एसडीएम प्रफुल रजत ने बताया कि मृतक भूपेंद्र की पत्नी से बातचीत के बाद कश्मीर में ही अंतिम संस्कार कराने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि अगर परिवार के सदस्य वापस अपने गांव आना चाहते हैं तो प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
दोनों गांवों में पसरा मातम
दीपक रात्रे की मौत से सक्ती जिले के बुंदेली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक पूरे परिवार की जिम्मेदारी दीपक पर थी। उनकी मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और मासूम बेटे का अब कोई सहारा नहीं बचा। उधर, छुईहा गांव में भी भूपेंद्र भैना की मौत के बाद मातम पसरा है। गांव के सरपंच धनीराम बंजारे ने बताया कि भूपेंद्र और उनकी पत्नी रोजगार की तलाश में तीन महीने पहले जम्मू-कश्मीर गए थे। उनका दो साल का बेटा गांव में दादी और बुआ के साथ रहता है और उसे अब तक यह भी नहीं पता कि उसके पिता कभी लौटकर नहीं आएंगे। घटना के बाद बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल्ल रजक, एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने भूपेंद्र भैना के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने वीडियो कॉल के माध्यम से मृतक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, 20-20 लाख सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुलगाम आतंकी हमले में दोनों मजदूरों की हत्या पर गहरा दुख जताया है। साथ ही सरकार ने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सरकार ने कहा है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। (Kulgam Terror Attack)
समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर सरकार के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्त की जाएगी, जो परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। आतंकी हमले ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी ओर दोनों परिवार अब इस बात का दर्द बयां कर रहे हैं कि वे अपने प्रियजनों का अंतिम दर्शन तक नहीं कर सके।




