Google Analytics —— Meta Pixel

Kumhari toll plaza closure: रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गडकरी से की मुलाकात, कुम्हारी टोल प्लाजा बंद करने और चार फ्लाईओवर निर्माण की मांग

Kumhari toll plaza closure: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण सड़क और यातायात परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कुम्हारी टोल प्लाजा को अविलंब बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस टोल प्लाजा की संचालन अवधि समाप्त हो चुकी है, बावजूद इसके यह बीते 10-12 वर्षों से अवैध रूप से चालू है, जिससे जनता को भारी परेशानी और रोजाना ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है।

सांसद अग्रवाल ने नितिन गडकरी से रायपुर में ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए निम्नलिखित प्रस्ताव रखे।

  1. रिंग रोड नं. 1 (एनएच-53) के सर्विस रोड को वर्तमान 5 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर करने की मांग।
  2. रायपुर रेलवे स्टेशन से एनएच-30 तक बने एक्सप्रेसवे को एनएचएआई को सौंपने का सुझाव।
  3. रायपुर में प्रस्तावित तीन फ्लाईओवर के अलावा तेलीबांधा से जोरा तक चौथे फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र शुरू करने पर जोर।
  4. शदाणी दरबार (एनएच-30 जंक्शन) और कमल विहार चौक पर ग्रेड सेपरेटर निर्माण की मांग।
  5. भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे में भू-अर्जन मुआवजे के मामलों का तत्काल निराकरण और इसमें व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच की मांग।

अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता है कि रायपुर को एक आधुनिक राजधानी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और ट्रैफिक के कारण शहर में रोजाना जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। रिंग रोड के बाहर कॉलोनियों और बाजारों के विकास के कारण ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि विशाखापट्टनम और उड़ीसा की दिशा में जाने वाले मालवाहक व यात्री वाहनों के लिए नया एक्सप्रेसवे शहर के बाहर प्रवेश और निकासी का विकल्प देगा, जिससे जाम और दुर्घटनाएं कम होंगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!