Google Analytics —— Meta Pixel

पत्नी को मायके छोड़कर पति रचा रहा था दूसरा ब्याह, ससुराल वालों ने जमकर की पिटाई

crime in Janjgir : जांजगीर-चांपा में शादी समारोह के दौरान जमकर विवाद हो गया। दरअसल दूल्हा अपनी पहली पत्नी को मायके में छोड़कर दूसरी शादी कर रहा था। इसकी जानकारी पहली पत्नी को जैसे ही मिली वह अपने परिवार के साथ मंदिर में पहुंच गई। इसके बाद मंदिर परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच (crime in Janjgir) गई, जिसके बाद दूल्हे की पहली पत्नी ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया।

शिवरीनारायण स्थित बड़े मठ मंदिर में बलौदाबाजार निवासी सोम प्रकाश नारायण जायसवाल की शादी हो रही थी। इसी दौरान एक महिला कुछ लोगों को लेकर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। आते ही महिला ने दूल्हा बने सोम प्रकाश का कॉलर पकड़ लिया। विवाद बढ़ा और फिर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मंदिर परिसर में मारपीट और हंगामा होते देख सब सकते में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई।

इसके बाद सभी को थाने लाया गया, जहां इस पूरे विवाद की कहानी सामने आई। दूल्हे से मारपीट करने वाली महिला बिर्रा क्षेत्र की दामिनी जायसवाल है। उसकी शादी 7 मई 2017 को सोम प्रकाश से सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुई थी। आरोप है कि एक सप्ताह के बाद ही ससुराल वालों ने 2 लाख रुपए और बाइक को लेकर दामिनी को परेशान करना शुरू कर दिया। महीने भर बाद ही उससे मारपीट करने लगे। इसके कुछ दिन बाद ही दामिनी की परीक्षा थी दामिनी को ससुर लेख राम जायसवाल उसके मायके छोड़ने आए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने हिदायत भी दी कि जब तक 2 लाख रुपए और बाइक का इंतजाम न हो जाए, वह ससुराल न आए।

परीक्षा खत्म होने के बाद दामिनी ससुराल वालों का इंतजार करने लगी लेकिन उसे कोई लेने नहीं आया। इस बीच दहेज लेकर आने का मैसेज उसे मिलता रहा। इसके बाद 3 अप्रैल को सोम प्रकाश नारायण जायसवाल शिवरीनारायण के बड़े मठ मंदिर में कर्नोद निवासी युवती से विवाह करने पहुंच गया। दामिनी और उसके परिवार ने सोम और उसके परिवार पर मारपीट करने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है।

इसे भी पढ़ें- सीएम भूपेश बघेल ने संभाली खैरागढ़ उपचुनाव की कमान; आज से शुरू किया प्रचार अभियान

Back to top button
error: Content is protected !!