छत्तीसगढ़ में चुनाव के बीच बढ़ी शराब की तस्करी, 2 करोड़ 23 लाख के अवैध शराब जब्त

Liquor Smuggling in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में शराब के अवैध संग्रहण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरवरी के पहले पखवाड़े के दौरान आबकारी विभाग ने 33 हजार 874 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 2 करोड़ 23 लाख रुपए आंकी गई है। जब्त शराब मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की है, जिसे अवैध रूप से छत्तीसगढ़ लाकर बेचा जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान 10 वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 1 करोड़ 59 लाख रुपए हैं।
आबकारी सचिव सह आयुक्त आर. शंगीता ने प्रदेशभर में सतत गश्त और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में कबीरधाम, राजनांदगांव, रायपुर, दुर्ग, कोरबा, बेमेतरा, बलौदाबाजार समेत अन्य जिलों में छापेमारी की गई। बिलासपुर में 1,000 पेटी विदेशी शराब, बेमेतरा में 780 पेटी विदेशी शराब और बलौदाबाजार में 776 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई। कबीरधाम, राजनांदगांव और दुर्ग में भी बड़ी मात्रा में शराब और वाहन जब्त कर आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। (Liquor Smuggling in Chhattisgarh)

मतदान के चलते शराब की दुकान रहेंगी बंद
इधर, बलरामपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के अंतर्गत 23 फरवरी 2025 को विकासखंड रामचंद्रपुर और वाड्रफनगर में तीसरे चरण में मतदान होना है। इस संबंध में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने उस तिथि को संबंधित क्षेत्र में शुष्क दिवस घोषित किया है। तीसरे चरण के लिए मतदान के दौरान रामानुजगंज और वाड्रफनगर की शराब दुकान 21 फरवरी दोपहर 03 बजे से 23 फरवरी 2025 तक बंद रहेंगी। इस अवधि में जनपद पंचायत रामानुजगंज और वाड्रफनगर क्षेत्र स्थित सभी देशी-विदेशी शराब दुकानों को सील बंद करने और शराब क्रय-विक्रय समेत मादक पदार्थों का अवैध रूप से विनिर्माण,परिवहन,संग्रहण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बता दें कि प्रदेश में 24 फरवरी को आचार संहिता खत्म हो जाएगी। (Liquor Smuggling in Chhattisgarh)



