बजट सत्र के 9वें दिन सिर्फ 13 मिनट चली सदन की कार्यवाही, भारी हंगामे के चलते लोकसभा कल तक के लिए स्थगित

Lok Sabha Proceedings Adjourned: बजट सत्र के 9वें दिन लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। विपक्ष ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का अवसर देने की मांग को लेकर जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही सिर्फ 13 मिनट ही चल सकी। लोकसभा में राहुल गांधी ने आसंदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक घंटे पहले वह अन्य विपक्षी सांसदों के साथ स्पीकर के पास गए थे। वहां उन्हें आश्वासन दिया गया था कि बजट पर चर्चा से पहले उन्हें बोलने का मौका मिलेगा, लेकिन अब उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। राहुल गांधी ने सवाल किया कि क्या उन्हें सदन में बोलने दिया जाएगा या नहीं।
यह भी पढ़ें:- 11 फरवरी को साय कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसलों पर रहेगी नजर
दोपहर 3 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, उस समय आसंदी पर भाजपा सांसद संध्या राय बैठी थीं। राहुल गांधी के आरोपों पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब देते हुए कहा कि वह भी स्पीकर के कक्ष में मौजूद थे और ऐसा कोई कमिटमेंट नहीं किया गया था। आसंदी पर बैठीं संध्या राय ने राहुल गांधी से कहा कि उनकी ओर से किसी अन्य मुद्दे पर चर्चा के लिए कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। अगर वे बजट पर चर्चा करना चाहते हैं तो अपनी बात रखें। इस पर विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। बढ़ते शोर-शराबे के चलते लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। (Lok Sabha Proceedings Adjourned)
स्पीकर ने कोई कमिटमेंट नहीं किया: रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी जी ने कहा कि वेणुगोपाल जी स्पीकर के चैंबर में थे। मैं भी शामिल हुआ और हमने चर्चा की। मैं यह कन्फर्म करना चाहता हूं कि स्पीकर ने यह पहल किया कि अगर सब सहमत हों तो सदन चलना चाहिए और वेणुगोपाल जी ने भी कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे विपक्ष के नेता कुछ कहें, लेकिन उससे पहले, हमने तय किया कि आप किस टॉपिक पर बोलेंगे ? स्पीकर ने यह कहा कि राहुल गांधी जी ने अभी जो कहा, वह 100 परसेंट सही नहीं है। स्पीकर ने कोई कमिटमेंट नहीं किया है। स्पीकर ने कहा कि अगर कोई समझौता होता है तो हम आपको बोलने देंगे और हम दूसरी पार्टियों के नेताओं को भी बोलने देंगे। उन्होंने यह नहीं कहा कि हम सिर्फ कांग्रेस को ही बोलने देंगे। (Lok Sabha Proceedings Adjourned)
ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है विपक्ष
वहीं विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकता है। यह प्रस्ताव पेश करने के लिए कम से कम 50 सांसदों का समर्थन जरूरी होता है। इसके लिए सदन में 14 दिन पहले लिखित नोटिस देना होता है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि हम बस सदन में जाते हैं और बाहर आ जाते हैं। नेता प्रतिपक्ष को एक मिनट के लिए भी बोलने नहीं दिया जाता, यह बेतुका है, यह लोकतंत्र नहीं है। हम रोज किस लिए आते हैं, हम आते हैं और फिर चले जाते हैं। राहुल गांधी को बोलने दिया जाना चाहिए, वे नेता प्रतिपक्ष हैं। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैंने स्वयं एक सांसद के रूप में देखा है कि इन परंपराओं का हर लोकसभा अध्यक्ष ने निर्वहन किया है, विपक्ष को बुलवाना एक संवैधानिक दायित्व भी है।
नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं देना सही नहीं: थरूर
सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैं उम्मीद करूंगा कि लोकसभा अध्यक्ष उस संवैधानिक दायित्व, उस परंपरा का ख्याल रखते हुए नेता प्रतिपक्ष को बोलने का अवसर देंगे। अगर सरकार विपक्ष रहित संसद और विपक्ष रहित देश चाहती है तो लोकतंत्र और संविधान निर्माताओं ने जिस लोकतंत्र की रचना की थी उसके साथ न्याय नहीं हो रहा। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हालात बहुत स्पष्ट हैं, मुझे नहीं पता कि सरकार या स्पीकर क्यों नहीं चाहते कि सदन में बजट पर बहस हो। बहुत साफ तौर पर कई सालों से सदन की एक पुरानी परंपरा रही है। दो लोगों को हमेशा बोलने का मौका दिया जाता है, एक नेता प्रतिपक्ष और दूसरे संसदीय कार्य मंत्री। हमारे पास दो पीठासीन अधिकारी थे, जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष को बोलने का मौका देने से मना कर दिया। जबकि संसदीय कार्य मंत्री जब भी हाथ उठाते हैं, उन्हें बोलने का मौका दिया जाता है, यह सही नहीं है।
पक्ष को बोलने से पूरी तरह से रोक देना बिल्कुल गलत: थरूर
थरूर ने कहा कि सदन हम सबका है। राहुल गांधी को अपनी बात रखने की इजाजत मिलनी चाहिए। मुझे समझ नहीं आता कि सरकार और स्पीकर क्या चाहते हैं। संसद में दोनों पक्षों को बोलने का अधिकार होता है, लेकिन एक पक्ष को बोलने से पूरी तरह से रोक देना बिल्कुल गलत है। शशि थरूर ने कहा कि मैं तो बजट पर बोलने आया था, लेकिन अब लग रहा है कि सरकार, स्पीकर को संसद चलाने में कोई दिलचस्पी नहीं है। राहुल गांधी बजट से पहले बोलना चाहते थे। ऐसा कैसे हो सकता है कि बजट भाषण में वित्त मंत्री बैठी ही नहीं, जैसे उन्हें पता था कि सदन स्थगित होने वाली है। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कोई चर्चा नहीं हुई, सदन चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। हम चाहते हैं कि सदन चले, लेकिन विपक्ष को भी बोलने का मौका और समय दिया जाए। हम सब चुनकर आए हुए हैं, हम सब चाहते हैं कि सदन चले। हमने सक्षम प्राधिकारी यानी इस मामले में लोकसभा के अध्यक्ष से अपील की है, हमें उम्मीद है कि सदन चलेगा। अविश्वास प्रस्ताव पर कोई चर्चा नहीं हुई, 8 सांसदों को सस्पेंड करने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए स्पीकर के सामने एक पत्र के रूप में अपील की जाएगी।
स्पीकर का अपना सम्मान है: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि हम सब विपक्ष के लोग चाहते हैं कि सदन चले और उस समय तो सदन चलना और महत्वपूर्ण हो जाता है जब अमेरिका से इतनी बड़ी डील हुई है, डील नहीं ढील दी गई है। भाजपा यह भी समझा रही है कि 18 और शून्य बराबर है, इन सबके जवाब विपक्ष मांग रहा है, क्योंकि बहुत दिनों के बाद बड़े पैमाने पर 1991-92 के बाद बाजार खुला है। सरकार को आगे आकर बहुत सी बातों को न लेकर सीधे-सीधे विपक्ष के सवाल का जवाब देना चाहिए। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्षी पार्टियों की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाने पर उन्होंने कहा कि स्पीकर का अपना सम्मान है। सदन की अपनी गरिमा है। उन बातों को लेकर हमने बातचीत की है, देखिए क्या निकलता है। हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि जिस तरह से बाजार खोला जा रहा है, जिस तरह से ढील दी गई है उस पर चर्चा होनी चाहिए।
विपक्ष के व्यवहार से लगता है सदन चलने नहीं देंगे: मजूमदार
अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि विपक्ष कुछ भी लाने के लिए स्वतंत्र है लेकिन जिस प्रकार से जो आचरण विपक्ष का सदन में है सारी संसदीय मर्यादाओं परंपराओं को तारतार किया है और ये बात इसलिए समझी जा सकती है क्योंकि विपक्ष के पास कहने को कुछ नहीं है। आज लोकसभा अध्यक्ष ने कहा उनसे कहा कि आपको कोई बात कहनी है तो चर्चा के माध्यम से कहिए। लेकिन उसके बावजूद विपक्ष लगातार व्यवधान डाल रहा है। इससे स्पष्ट है कि उनके पास कोई तर्क नहीं है इसलिए वे सदन का समय खराब कर रहे हैं। RLM प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष के लोग हताश हो गए हैं, इस हताशा में गैर संवैधानिक, गैर जरूरी कदम उठाते हैं, वे चाहते हैं कि किसी भी तरह से उनका पुनरजीवन हो। अभी जो वे प्रस्ताव ला रहे हैं इसका कोई मतलब नहीं है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा कि सदन को चलना चाहिए। विपक्ष के व्यवहार को देखते हुए ऐसा लगता है कि वे सदन को चलने नहीं देंगे।



