लॉ कॉलेज में छात्र ने छात्रा की गोली मारकर की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

Murder in Law College: पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित एक लॉ कॉलेज से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जहां कॉलेज के क्लासरूम में एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान संदीप कौर (20) के रूप में हुई है, जो लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। वहीं आरोपी छात्र अभिराज सिंह भी उसी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढे़ं:- बजट सत्र के 9वें दिन सिर्फ 13 मिनट चली सदन की कार्यवाही, भारी हंगामे के चलते लोकसभा कल तक के लिए स्थगित
कॉलेज के क्लासरूम का CCTV फुटेज सामने आया है, जो सुबह करीब 9 बजे का बताया जा रहा है। उस समय क्लास शुरू नहीं हुई थी। छात्र-छात्राएं क्लासरूम में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी छात्र हाथ में पिस्टल लेकर क्लासरूम में दाखिल हुआ। वह सीधे उस बेंच की ओर बढ़ा, जहां संदीप कौर अपनी सहेली के साथ बैठी थी। आरोपी ने छात्रा से कुछ देर बहस की और फिर अचानक पिस्टल निकालकर उसके सिर से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही संदीप कौर मौके पर ही गिर पड़ी। यह देखकर उसकी सहेली स्तब्ध रह गई। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल दोबारा लोड की और छात्रा के बगल में खड़े होकर खुद के सिर से सटाकर गोली चला ली। दोनों की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली लगने के कारण छात्रा का दिमाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। मृतिका की मां हरजिंदर कौर ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि संदीप कौर सुबह बिल्कुल सामान्य तरीके से घर से कॉलेज के लिए निकली थी और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। हरजिंदर कौर के मुताबिक कॉलेज से उन्हें फोन कर कहा गया कि उनकी बेटी को छोटी सी चोट लगी है और वह तुरंत कॉलेज पहुंचे। जब वह कॉलेज पहुंची तो देखा कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी और उसका शव खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने बताया कि संदीप कौर के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। (Murder in Law College)
एकतरफा प्यार में हत्या की आशंका
परिवार में छह बहनें और एक छोटा भाई है। मां का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बेटी के शव के पास भी जाने नहीं दिया। पुलिस के मुताबिक अभी तक घटना के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में इसे एकतरफा प्यार से जोड़कर देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी छात्र छात्रा से प्यार करता था, लेकिन जब छात्रा ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद कॉलेज पहुंचे अभिभावकों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कॉलेज में छात्रों की कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। किसी ने यह जांच नहीं की कि एक छात्र हथियार लेकर कॉलेज परिसर में कैसे घुस गया। अभिभावकों ने मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही के लिए कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। (Murder in Law College)
हथियार कहां से आया, जांच में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए ACP जगबीर ने बताया कि घटना के समय छात्रा बेंच पर बैठी थी और क्लास शुरू नहीं हुई थी। गोली लगते ही छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी छात्र ने भी खुद को गोली मार ली, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी भी जान नहीं बच सकी। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी छात्र के पास पिस्टल कहां से आई। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसके पिता के पास कोई लाइसेंसी हथियार है। अगर ऐसा नहीं पाया गया तो पिस्टल के अवैध होने की भी जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज, कॉलेज स्टाफ समेत छात्रों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक छात्रा की जान जाने का मामला है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। कॉलेज जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में हथियार का पहुंचना सिस्टम की गंभीर चूक को उजागर करता है।



