Google Analytics —— Meta Pixel

Lucknow cyber fraud: लखनऊ में साइबर ठगों की हैरतअंगेज करतूत, रिटायर्ड बैंक कैशियर से 28.45 लाख की ठगी

Lucknow cyber fraud: लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें रिटायर्ड बैंक कैशियर नरेंद्र मिश्रा को ठगों ने डिजिटल गिरफ्त में रखकर सात दिनों तक मानसिक प्रताड़ना दी और 28 लाख 45 हजार रुपये की ठगी कर ली।

नरेंद्र मिश्रा वर्ष 2022 में इंडियन ओवरसीज बैंक से सेवानिवृत्त हुए थे। 28 जून को दोपहर करीब तीन बजे उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को जम्मू-कश्मीर आतंकवाद निरोधक दस्ते का प्रमुख बताया और वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। ठग ने पुलिस की वर्दी में अपनी प्रोफ़ाइल और वीडियो दिखाकर भरोसा जताया और मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए।

यह भी पढ़ें :- Raipur news today: रायपुर में हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं का अवैध ऑफिस जमींदोज, बुलडोजर और पुलिस की तैनाती

देशद्रोह के झूठे आरोप लगाकर धमकाया

जालसाज ने दावा किया कि नरेंद्र मिश्रा के मोबाइल से कुछ गुप्त दस्तावेज पाकिस्तान भेजे गए हैं और उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होने वाला है। इसी आधार पर उन्हें तथाकथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा गया, जिसमें उन्हें न किसी से बात करने की अनुमति थी और न ही कहीं बाहर जाने की। (Lucknow cyber fraud)

डर के साए में दो किश्तों में दी रकम

डर और मानसिक दबाव में आए नरेंद्र मिश्रा ने खुद को निर्दोष साबित करने के प्रयास में ठगों के कहने पर दो बार में कुल 28 लाख 45 हजार रुपये आरटीजीएस के माध्यम से उनके बताए खातों में भेज दिए। (Lucknow cyber fraud)

अहसास होते ही दर्ज कराई शिकायत

बाद में ठगी का एहसास होने पर नरेंद्र मिश्रा ने लखनऊ साइबर क्राइम थाना पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस अब मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और कॉल विवरण के आधार पर जांच में जुटी है।

सावधानी जरूरी, साइबर ठग हर मोर्चे पर सक्रिय

इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है और आमजन को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, पुलिस या किसी भी सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से इस तरह की कार्रवाई नहीं की जाती। ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत सतर्क होकर इसकी सूचना पुलिस या साइबर सेल को दी जानी चाहिए। (Lucknow cyber fraud)

Back to top button
error: Content is protected !!