महाकुंभ में अब तक 62 करोड़ 61 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, महाशिवरात्रि को आखिरी स्नान

Maha Kumbh Record 2025: प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का आज 43वां दिन है। इसके बाद भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पावन स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंच रहे हैं। बता दें कि मेला खत्म होने में अब सिर्फ 2 दिन और बचे हैं। रविवार से ज्यादा भीड़ सोमवार को है। सुबह 10 बजे तक 55 लाख लोगों ने स्नान किया। वहीं 13 जनवरी से अब तक 62 करोड़ 61 लाख श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। प्रयागराज में एंट्री पॉइंट पर पार्किंग के आसपास जाम लगा हुआ है। शहर के अंदर चौराहों पर भीषण जाम है। प्रयागराज पहुंचने वाली गाड़ियों को संगम से 10 किलोमीटर पहले पार्किंग में रोका जा रहा है। उसके बाद श्रद्धालु मेला क्षेत्र तक ऑटो, ई-रिक्शा या शटल बसों से जा सकते हैं। हालांकि भीड़ के मुताबिक यह साधन बहुत कम हैं।
यह भी पढ़ें:- विज्ञान के क्षेत्र में इतिहास रचेगा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
श्रद्धालुओं का कहना है कि ऑटो वाले 10 किलोमीटर के एक हजार रुपए तक वसूल रहे हैं। ऐसे में कई श्रद्धालु 10 किलोमीटर तक पैदल चलने को मजबूर हैं। महाशिवरात्रि के दिन यानी 26 फरवरी को आखिरी स्नान किया जाएगा। इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ मेला महोत्सव में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रयागराजवासियों ने महाकुंभ के आयोजन को अपने घर का आयोजन बनाकर पूरी भव्यता के साथ दुनिया को दिखा दिया है कि यह ताकत केवल प्रयागराज के पास है। डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अद्भुत, अलौकिक महाकुंभ 2025 बहुत ही ऐतिहासिक और भव्य तरीके से सफलतापूर्वक संपन्नता की ओर है। (Maha Kumbh Record 2025)
महाशिवरात्रि को महाकुंभ का अंतिम स्नान
डिप्टी CM मौर्य ने कहा कि महाशिवरात्रि को महाकुंभ का अंतिम स्नान होगा और अभी भी प्रयागराज के लिए एक जनसागर उमड़ रहा है। किसी को भीड़ ज्यादा होने के कारण परेशानी होती है तो उसके लिए क्षमा चाहेंगे। सभी की यात्रा सफल हो। सब सकुशल अपने घर के लिए वापस जाएं, ऐसी प्रार्थना है। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें यहां स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैंने देश की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। मैं इन व्यवस्थाओं के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं। (Maha Kumbh Record 2025)
ओडिशा के CM ने अयोध्या में की पूजा
CM मोहन माझी ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। साथ ही कहा कि मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला। रामलला के बहुत अच्छे दर्शन हुए। मैं यूपी सरकार से अनुरोध करूंगा कि ओडिशा से यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ओडिशा भवन बनाने के लिए यहां जमीन आवंटित की जाए। इसके अलावा उन्होंने हनुमान गढ़ी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान CM ने कहा कि PM मोदी ने आह्वान किया है कि 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाना है। इसी आधार पर ओडिशा देश को विकसित भारत बनाने में इंजन के रूप में काम करेगा। ओडिशा को आगे बढ़ाने के लिए मैंने भगवान हनुमान से प्रार्थना की। (Maha Kumbh Record 2025)
उत्तराखंड के राज्यपाल ने भी किया स्नान
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी महाकुंभ में पवित्र स्नान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अत्यंत आनंद की अनुभूति हुई है। ऐसा लगता है कि बहुत सौभाग्य की बात है कि प्रभु ने हमें ऐसा अवसर दिया है। 60 करोड़ से ज्यादा लोगों ने स्नान किया है। इसका प्रबंधन ही अपने-आप में बहुत उच्च दर्जे का रहा है। प्रबंधन बहुत अच्छे थे। मैं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री को और सभी अधिकारियों को जिन्होंने इतनी मेहनत की और महाकुंभ को सफलतापूर्ण संपन्न करवाया है, शुभकामनाएं देना चाहता हूं। भाजपा सांसद संबित पात्रा और गायक कैलाश खेर ने भी पवित्र डुबकी लगाई और प्रार्थना की। (Maha Kumbh Record 2025)
महाशिवरात्रि के लिए तैयारी
प्रयागराज के जिला अधिकारी रवींद्र कुमार मंदार ने कहा कि अभी तक 60 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु अमृत स्नान कर चुके हैं। हमारी टीम 24 घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए लगी हुई है। हमारा प्रयास है कि महाशिवरात्रि के स्नान पर भी व्यवस्थाएं सकुशल रूप से रहें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार हमारा नेतृत्व कर रहे हैं। प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ DCM हिमांशु शुक्ला ने कहा कि महाशिवरात्रि का स्नान हमारी आखिरी परीक्षा है, जिसके लिए हम लोग पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार हैं। लोग इस पेम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। प्रयागराज से बहुत बड़ी भीड़ अयोध्या और वाराणसी जैसे अन्य तीर्थ स्थलों पर दर्शन के लिए जाती है उनके लिए हमने एक सुगम व्यवस्था की है। हमने त्रिवेणी संगम से लेकर प्रयागराज जंक्शन तक 1450 CCTV कैमरे लगाए हैं। (Maha Kumbh Record 2025)
यातायात और डायवर्जन प्लान तैयार: मेयर
उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को करीब 1 करोड़ 60 लाख लोगों ने स्नान किया। हमने 100 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हमने वृहद स्तर पर तैयारियां की हैं। NDRF की भी एक स्पेशल टीम यहां पर मौजूद हैं। हम अच्छे से अंतिम स्नान संपन्न करवाने में सफल होंगे ऐसा मेरा विश्वास है। अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो। हमने जिला प्रशासन के साथ बैठक की और लोगों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की हैं। हमारा यातायात और डायवर्जन प्लान तैयार है। हमारी सफाई और पेयजल की व्यवस्थाएं सभी अपडेट हैं। महाकुंभ DIG वैभव कृष्ण ने कहा कि ऐसे 140 सोशल मीडिया हैंडलों के खिलाफ जिन पर भ्रामक सामग्री साझा की गई थीं, 13 FIR दर्ज की गई हैं। शिवरात्री के पर्व को लेकर पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रयास रहेगा कि कुंभ मेला क्षेत्र में कहीं पर भी कोई ट्रैफिक जाम ना हो। सभी व्यवस्थाएं सुगम तरीके से चलें। कितनी भी भीड़ आए हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं। (Maha Kumbh Record 2025)



