Google Analytics —— Meta Pixel

Mahadev Betting App: अभिषेक कुमार गिरफ्तार, दुबई की संपत्ति और सट्टा पैनल की जांच

महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में CBI ने भिलाई निवासी अभिषेक कुमार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। दुबई की संपत्ति, हवाला कनेक्शन और सट्टा पैनल नेटवर्क की जांच जारी है।

Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक और कार्रवाई करते हुए भिलाई निवासी अभिषेक कुमार को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी उसे हिरासत में लेकर रायपुर पहुंची है। जांच के मुताबिक, अभिषेक लंबे समय से दुबई में रहकर महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय था। अब एजेंसी उसके नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सट्टा पैनल से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।

2019 से दुबई में रहने का दावा, रियल एस्टेट और क्लब कारोबार से जुड़ा

जांच से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, अभिषेक वर्ष 2019 से दुबई में रह रहा था। महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़ने के बाद उसने दुबई में रियल एस्टेट कारोबार शुरू किया और अपना क्लब भी खोला। एजेंसी के अनुसार, दुबई से भारत तक हवाला के जरिए रकम पहुंचाने में भी उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। (Mahadev Betting App)

अभिषेक पर महादेव एप की कई बड़ी बुक और उनके पैनल के संचालन से जुड़े होने का आरोप है। एजेंसी अब उसके कथित आर्थिक नेटवर्क और सट्टा कारोबार में भूमिका से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

सौरभ चंद्राकर समेत कई आरोपियों से करीबी का दावा

जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, अभिषेक की पहचान सौरभ चंद्राकर, शुभम सोनी और रोहित तिर्की के करीबी के तौर पर सामने आई है। बताया जाता है कि महादेव नेटवर्क से जुड़ने के बाद वह दुबई चला गया था।

जानकारी के मुताबिक, करीब चार साल पहले शादी के बाद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ दुबई के विला नंबर-13 में रह रहा था। अभिषेक मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।

जांच से जुड़े दावों में उसकी दुबई में करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, संपत्ति से संबंधित इन दावों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

नेपाल के रास्ते भिलाई पहुंचा, हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि अभिषेक हाल ही में नेपाल के रास्ते भिलाई पहुंचा था। यहां उसके लिए सिकंदर नाम के एक सटोरिए द्वारा पार्टी आयोजित किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद अभिषेक सिकंदर के साथ हैदराबाद गया।

वापसी के दौरान CBI ने उसे हैदराबाद एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। अब एजेंसी उसके भारत और विदेशों में फैले कथित नेटवर्क, बैंकिंग लेन-देन, हवाला कनेक्शन और सट्टा पैनल संचालन से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

श्रीलंका में भी पैनल संचालकों पर कार्रवाई का दावा

महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े पैनल संचालकों के खिलाफ हाल में श्रीलंका में भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोगों को पकड़ा गया है। इनमें भिलाई के सटोरिए सिकंदर के लिए काम करने वाले करीब 150 लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

इन लोगों के श्रीलंका में हाउस अरेस्ट होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

वहीं, महादेव एप से जुड़े प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर के ओमान में हिरासत में होने और उसके सहयोगी रवि समेत अन्य लोगों के दुबई की जेल में होने की जानकारी भी दी जा रही है। इन दावों की भी स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

भिलाई के युवाओं को दुबई ले जाने का आरोप

जांच से जुड़े दावों के मुताबिक, दुबई में नेटवर्क मजबूत करने के बाद अभिषेक ने खुर्सीपार और आसपास के इलाकों के कई युवकों को दुबई बुलाया। आरोप है कि इन युवाओं को सट्टा पैनल के संचालन से जुड़े अलग-अलग कामों में लगाया गया।

करीब दो साल पहले दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से 300 से अधिक युवक-युवतियों के महादेव सट्टा नेटवर्क के लिए दुबई जाने की जानकारी सामने आने का भी दावा किया गया था। बाद में इनमें से कई लोगों को दूसरे देशों में शिफ्ट किए जाने की बात कही गई।

दुबई की महंगी लाइफस्टाइल भी जांच के दायरे में

अभिषेक की दुबई की कथित महंगी लाइफस्टाइल को लेकर भी कई दावे सामने आए हैं। बताया जाता है कि वह वहां डेढ़ से दो किलो तक सोने के आभूषण पहनकर घूमता था। हालांकि, इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि जांच एजेंसियों के रिकॉर्ड के आधार पर होना बाकी है।

अब CBI के सामने ये बड़े सवाल

अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी की पड़ताल का दायरा बढ़ सकता है। मुख्य रूप से उसके दुबई स्थित कारोबार, कथित 300 करोड़ की संपत्ति, हवाला लेन-देन, सट्टा पैनल, विदेशों में मौजूद नेटवर्क और महादेव एप से जुड़े अन्य आरोपियों से संपर्क की जांच अहम मानी जा रही है। (Mahadev Betting App)

Back to top button
error: Content is protected !!