Google Analytics —— Meta Pixel

जूस की दुकान से 6 हजार करोड़ के सट्टा सिंडिकेट तक, जानिए कौन है सौरभ चंद्राकर, आज रायपुर में होगी पेशी

Mahadev Betting App Network: कभी छत्तीसगढ़ के भिलाई में जूस की दुकान चलाने वाला सौरभ चंद्राकर आज देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन सट्टेबाजी मामलों में शामिल महादेव बुक ऑनलाइन ऐप का प्रमुख प्रमोटर है। करीब 6 हजार करोड़ रुपए के सट्टा घोटाले में आरोपी सौरभ को आखिरकार ओमान से भारत लाया जा चुका है। CBI की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची है, जहां अब उससे पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। सौरभ की कहानी सिर्फ एक ऑनलाइन सट्टा ऐप के विस्तार की नहीं, बल्कि विदेशों तक फैले नेटवर्क, करोड़ों के लेन-देन, कथित फर्जी पहचान और जांच एजेंसियों से बचने की कोशिशों से भी जुड़ी है। सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह शुरुआत में ‘जूस फैक्ट्री’ नाम से जूस की दुकान चलाता था। साल 2017 में उसकी मुलाकात रवि उप्पल से हुई और दोनों ने मिलकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार शुरू किया।

यह भी पढ़ें:- सौरभ चंद्राकर ने खुद को बताया था वानुअतु का नागरिक, भारतीय दूतावास ने खोली पोल, जानिए पासपोर्ट से प्रत्यर्पण तक की पूरी कहानी

शुरुआती दौर में इस कारोबार को आगे बढ़ाने के बाद साल 2019 में सौरभ दुबई चला गया, जहां से उसने इस नेटवर्क को बड़े स्तर पर विस्तार देने की योजना बनाई। इसके बाद महादेव बुक ऑनलाइन ऐप और वेबसाइट के जरिए सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से बढ़ाया गया। सोशल मीडिया, इन्फ्लुएंसर्स और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक इसकी पहुंच बनाई गई। इस नेटवर्क से लाखों यूजर्स जुड़े थे। अलग-अलग खेलों और प्रतियोगिताओं पर ऑनलाइन सट्टा लगाने की सुविधा देकर देशभर में इसका विस्तार किया गया। CBI के मुताबिक महादेव ऑनलाइन बुक देश में सामने आए बड़े अवैध ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट में शामिल था। इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था। क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और दूसरे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म तैयार किए गए थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में फ्रेंचाइजी की तरह पैनल और ब्रांच बनाई गई थी। इनके जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और उनसे रकम जमा कराई जाती थी।

99 लाख से ज्यादा यूजर्स और करोड़ों का कारोबार

जांच एजेंसी का आरोप है कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद कई स्तरों पर ट्रांजेक्शन कर पैसे को छिपाया जाता था और हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। सौरभ और उसके सहयोगियों पर दुबई से इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है। जांच में छत्तीसगढ़ के कई युवाओं को इस नेटवर्क में कर्मचारी और मैनेजर के तौर पर काम पर रखने की बात भी सामने आई है। महादेव ऐप के विस्तार को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक इसके यूजर्स की संख्या 99 लाख से ज्यादा बताई गई है। IPL 2021 के दौरान इस नेटवर्क के जरिए 2 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की सट्टेबाजी होने का भी दावा किया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग माध्यमों से विदेश भेजा गया और इसी नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध कमाई की गई। (Mahadev Betting App Network)

फर्जी पहचान और पासपोर्ट के जरिए विदेशों में रहने का आरोप

सौरभ चंद्राकर की विदेशों में आवाजाही भी जांच का अहम हिस्सा रही है। ED की चार्जशीट के मुताबिक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने साल 2023 में वानूआतू की नागरिकता और पासपोर्ट हासिल किए थे। इसी पासपोर्ट के आधार पर सौरभ ऑस्ट्रेलिया पहुंचा, लेकिन वहां इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद नवंबर 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। अक्टूबर 2024 में UAE के अधिकारियों ने भी उसे हिरासत में लिया था। भारत की ओर से प्रत्यर्पण का अनुरोध किया गया, लेकिन उस समय प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद जांच एजेंसियों को उसके ओमान पहुंचने की जानकारी मिली। आरोप है कि उसने फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था, जिसमें उसकी तस्वीर थी, लेकिन नाम अलग दर्ज था। इस पासपोर्ट पर अजंता मेंडिस नाम होने की जानकारी भी सामने आई थी।

8 जुलाई को ओमान में गिरफ्तारी, 116 दिन बाद भारत वापसी

सौरभ चंद्राकर को 8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ पहले से जारी इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे मस्कट के हाई सिक्योरिटी डिटेंशन सेंटर में रखा गया। इसके बाद CBI और ED ने भारत सरकार के माध्यम से ओमान को प्रत्यर्पण के औपचारिक अनुरोध भेजे। दोनों एजेंसियों ने जांच से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य भी उपलब्ध कराए। जुलाई से अक्टूबर 2026 के बीच प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया और दोनों देशों की एजेंसियों के बीच समन्वय जारी रहा। आखिरकार प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और 1 नवंबर 2026 को सौरभ को भारत लेकर आई। भारत पहुंचने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई। इसके बाद उसे रायपुर लाया गया, जिसकी आज यानी 4 नवंंबर को CBI की विशेष कोर्ट में पेशी है।

ओमान में सौरभ ने जताई थी जान को खतरे की आशंका

ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत की जेल में अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। सौरभ का दावा था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोग उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने जांच एजेंसियों के सामने बिना दबाव के अपना पक्ष रखने का मौका देने और नेटवर्क से जुड़े लोगों से अलग रखने की मांग की थी। सौरभ ने जांच एजेंसियों को महादेव सट्टा नेटवर्क के राजनीतिक कनेक्शन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों के बारे में जानकारी देने की बात भी कही थी। महादेव सट्टा ऐप मामले की शुरुआती कड़ी 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज FIR नंबर 112/2022 से जुड़ती है। इसी मामले में 29 जुलाई 2022 को फाइनल रिपोर्ट नंबर 157/2022 पेश की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने इसी FIR के आधार पर ECIR दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। 20 अक्टूबर 2023 को ED ने 14 आरोपियों के खिलाफ पहली अभियोजन शिकायत दाखिल की।

हवाला, रिश्वत और राजनीतिक कनेक्शन की जांच

आगे चलकर 4 मार्च 2024 को छत्तीसगढ़ ईओडब्ल्यू-एसीबी ने महादेव ऐप मामले में अलग से FIR दर्ज की। 22 अगस्त 2024 को राज्य सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंपने के लिए अधिसूचना जारी की। जनवरी 2025 में ईओडब्ल्यू ने CBI को केस डायरी सौंपी। इसके बाद CBI ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और अलग-अलग प्रकरणों में चार्जशीट दाखिल की। महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI और ED की जांच सिर्फ ऑनलाइन सट्टेबाजी तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के जरिए हुई कमाई, बैंक खातों में हुए लेन-देन, हवाला के माध्यम से विदेश भेजी गई रकम और कथित तौर पर सरकारी कर्मचारियों को दी गई रिश्वत की भी पड़ताल कर रही हैं। CBI का आरोप है कि नेटवर्क को बिना किसी रुकावट के संचालित करने के लिए अधिकारियों और अन्य लोगों को रिश्वत दी जाती थी। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। वहीं ED भारत और विदेशों में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है। (Mahadev Betting App Network)

अब सौरभ से पूछताछ पर टिकी जांच एजेंसियों की नजर

सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी के बाद अब CBI उससे महादेव सट्टा नेटवर्क के संचालन और आर्थिक लेन-देन से जुड़े सवाल कर सकती है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश करेंगी कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम किन-किन खातों में पहुंची, विदेशों में किन लोगों के जरिए इसका संचालन हुआ और नेटवर्क को कथित संरक्षण देने में किसकी क्या भूमिका थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी सौरभ की गिरफ्तारी के बाद प्रोटेक्शन मनी को लेकर बड़ा खुलासा होने की बात कह चुके हैं। ऐसे में सौरभ के बयान और उससे मिलने वाली जानकारी जांच की दिशा तय करने में अहम हो सकती है। फिलहाल सौरभ को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ का रास्ता साफ होगा। भिलाई की एक छोटी सी जूस दुकान से शुरू हुआ सफर कैसे दुबई तक फैले ऑनलाइन सट्टेबाजी के साम्राज्य में बदल गया, इसकी पूरी कहानी अब जांच के दायरे में है। 116 दिनों तक ओमान में हिरासत में रहने के बाद सौरभ चंद्राकर भारत लौट चुका है। अब CBI और ED की पूछताछ में सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि महादेव सट्टा ऐप से जुटाई गई हजारों करोड़ की रकम कहां-कहां पहुंची, इस नेटवर्क को किन लोगों का संरक्षण हासिल था और इसके पीछे कौन-कौन शामिल था। सौरभ के भारत आने के बाद इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!