बिहार में 110 से 35 सीटों पर सिमटी महागठबंधन, सीट बंटवारे से लेकर वादों तक हर मोर्चे पर गड़बड़ी ने बिगाड़ा खेल

Mahagathbandhan Defeat Reasons: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में महागठबंधन की करारी हार हुई है। 2020 में 110 सीटों तक पहुंचने वाला गठबंधन इस बार सिर्फ 35 सीटों पर सिमट गया। RJD और कांग्रेस दोनों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। विश्लेषण बताते हैं कि महागठबंधन की हार की वजहें बहुत गहरी और बहुस्तरीय हैं। सीट शेयरिंग पर अंतहीन झगड़े से लोगों के बीच गलत संदेश गया। 6 अक्टूबर को चुनाव का ऐलान हुआ, लेकिन चुनाव शुरू होने के 6 दिन बाद भी महागठबंधन सीट शेयरिंग तय नहीं कर पाया। नामांकन की आखिरी तारीख तक तनातनी जारी रही। इसका चुनावी संदेश बेहद नकारात्मक गया।
यह भी पढ़ें:- बिहार में NDA की प्रचंड जीत, जानिए 202 सीटों तक पहुंचाने वाले 10 बड़े फैक्टर
रैलियां शुरू हो गई, लेकिन उम्मीदें और चेहरे तय नहीं हुए। टिकट बंटवारे को लेकर RJD और कांग्रेस में खिंचतान जारी रही। इसका सीधे-सीधे नुकसान यह हुआ कि पार्टी कार्यकर्ता असमंजस और वोटर भ्रमित रहे। NDA ने इसे मुद्दा बनाकर कहा कि जो सीटें नहीं बांट सकते, सरकार क्या चलाएंगे। नतीजों में इसका असर साफ दिखा। RJD-कांग्रेस-CPI-VIP की असहमति के चलते 9 सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ कैंडिडेट उतरे। बछवाड़ा, बिहार शरीफ, राजापाकर, वैशाली, सिकंदरा, कहलगांव, सुल्तानगंज, करगहर, चैनपुर जैसी सीटें BJP-JDU ने आसानी से जीत ली। कई सीटों पर महागठबंधन के कुल वोट NDA से ज्यादा थे, लेकिन बंटवारे से नुकसान हो गया। अपने ही सहयोगियों से मुकाबला महागठबंधन की सबसे बड़ी रणनीतिक गलती रही।
महागठबंधन में नेतृत्व का संकट
महागठबंधन एक ठोस नेतृत्व छवि देने में नाकाम रहा। तेजस्वी चुनाव मैदान में सक्रिय थे, लेकिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बीच चुनाव से नदारद रहे। तेजस्वी को CM फेस घोषित करने में देरी हुई। कांग्रेस की नाराजगी सामने आई। तेजस्वी बनाम कांग्रेस विवाद हफ्तों चलता रहा। CM फेस के ऐलान में देरी के चलते विपक्ष एकजुट दिखने में नाकाम रहा। प्रचार में राहुल गांधी की गैर-मौजूदगी से तेजस्वी अकेले पड़ गए। इसके विपरीत NDA में स्पष्ट संदेश था- नीतीश नेतृत्व करेंगे, मोदी-शाह साथ हैं। महागठबंधन के वादों पर भरोसा नहीं बन पाया। महागठबंधन ने भारी-भरकम घोषणाएं कर दी, जिसे हर महिला को 30,000 रुपए, हर परिवार को एक नौकरी, 500 रुपए में गैस, 25 लाख तक मुफ्त इलाज, 200 यूनिट फ्री बिजली और भूमिहीनों को जमीन देने के वादे किए गए, लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक जनता ने इसे अतिशयोक्ति समझा।
NDA के वादों पर भरोसा
दरअसल, बिहार में 2.83 करोड़ परिवार हैं, लेकिन सरकारी रिक्तियां सिर्फ 3 लाख है। ऐसे में 2.63 करोड़ परिवार को नौकरी देने का दावा जनता को अविश्वसनीय लगा। जनता का भरोसा नहीं बन पाया। NDA की योजनाओं का विपक्ष मुकाबला नहीं कर पाया। 10 हजारिया योजना, पेंशन बढ़ोतरी, फ्री बिजली पहले से लागू योजनाएं थी। महागठबंधन के वादे सिर्फ घोषणाएं थे, जिसकी वजह से लोगों ने NDA पर भरोसा दिखाया। यादव-मुस्लिम वोट महागठबंधन के साथ रहे, लेकिन EBC-दलित–कुशवाहा–पासवान वोट NDA की तरफ शिफ्ट हो गया। इसका सीटों पर यह असर हुआ कि NDA ने महागठबंधन की 87 जीती हुई सीटें छीन ली।
SIR, वोट चोरी जैसे नैरेटिव उलटे पड़े
महागठबंधन ने पूरे चुनाव की शुरुआत SIR और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर की, लेकिन ये जमीन पर असर नहीं डाल सके। तेजस्वी बाद में रोजगार और नीतीश की सेहत जैसे मुद्दों पर आए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। NDA ने जंगलराज का पुराना नैरेटिव पेश कर माहौल कब्जा लिया। महागठबंधन ने नीतीश की सेहत के मुद्दे को बेहद आक्रामक तरीके से उठाया, लेकिन नीतीश ने 25 दिन में 181 रैलियां कर दी। हर दिन औसतन 7 भाषण, 8 घंटे प्रचार किया। इससे उनकी ऊर्जा और सक्रियता के खिलाफ लगाए गए सारे आरोप टूट गए। महिलाओं, EBC और बुजुर्गों के बीच जंगलराज का डर भी NDA ने फिर से उभारा, जिसका महागठबंधन जवाब नहीं दे पाया।
NDA ने उतारी बड़े चेहरे की फौज
NDA ने चुनाव प्रचार के लिए बड़े चेहरे की फौज उतार दी, लेकिन महागठबंधन ऐसा करने में नाकाम रहा। तेजस्वी ने 25 दिन में 181 रैलियां कर रिकॉर्ड बनाया, लेकिन बड़े चेहरे की कमी रही। NDA के पास मोदी, शाह, दर्जनभर केंद्रीय मंत्री, 8 मुख्यमंत्री और भोजपुरी स्टार सब थे, लेकिन महागठबंधन की ओर से सिर्फ तेजस्वी एक बड़े चेहरा रहे। बाकी दल लगभग निष्क्रिय रहा। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने 240 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। वोट कटे, लेकिन महागठबंधन का नुकसान ज्यादा हुआ। NDA का जातीय और सांस्कृतिक नैरेटिव मजबूत रहा, लेकिन महागठबंधन का नैरेटिव कमजोर रहा। (Mahagathbandhan Defeat Reasons)
RJD पर जंगलराज की छवि का असर
दलित, महिला और EBC वोटरों को पुरानी यादें आज भी डराती हैं। NDA की ओर से लगातार यह नैरेटिव चलाने से महागठबंधन रक्षात्मक हो गया। तेजस्वी इसके जवाब में प्रभावी तर्क नहीं दे पाए। बूथ-लेवल मैनेजमेंट NDA के मुकाबले काफी ढीला रहा। VIP-CPI-ML-CPI-CPM जैसे सहयोगियों के बीच तालमेल कमजोर रहा। इसका परिणाम यह हुआ कि महागठबंधन सीटों के बड़े हिस्से पर प्रतिस्पर्धा तक नहीं कर पाया। NDA ने विकास, हिंदुत्व और जातीय प्रतिनिधित्व तीनों पहलुओं को संतुलित रखा। महागठबंधन इनमें से किसी पर भी स्पष्ट रणनीति नहीं बना सका। NDA की जीत योजनाओं+नेतृत्व+जातीय इंजीनियरिंग+महिला वोटर की पकड़ का परिणाम रही। वहीं महागठबंधन अपनी आंतरिक लड़ाइयों, अविश्वसनीय घोषणाओं और नेतृत्व की कमी के कारण हार गया। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि वोटर एकजुट, स्थिर और भरोसेमंद गठबंधन चाहता था, जो उन्हें NDA में नजर आया।



