महाकुंभ भगदड़ में अब तक 30 लोगों की मौत, CM योगी ने किया 25-25 लाख मुआवजे का ऐलान

Mahakumbh Stampede Update: प्रयागराज महाकुंभ में संगम तट पर हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 60 लोग घायल हुए हैं। DIG वैभव कृष्ण ने कहा कि महाकुंभ में रात 1-2 बजे के बीच भगदड़ हुई थी, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई है। 25 लोगों की पहचान हो गई है और बाकी 5 की पहचान की जा रही है। DIG ने कहा कि ब्रह्म मुहूर्त से पहले रात 1 से 2 बजे के बीच अखाड़ा मार्ग पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस भीड़ के कारण दूसरी तरफ लगे बैरिकेड टूट गए और भीड़ दूसरी तरफ ब्रह्म मुहूर्त की पवित्र डुबकी लगाने के लिए इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं पर चढ़ गई।
यह भी पढ़ें:- Mahakumbh Stampede Update: कोई भगदड़ नहीं हुई, अत्यधिक भीड़भाड़ थी कुछ श्रद्धालु घायल हो गए : SSP राजेश द्विवेदी
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव कार्य करते हुए करीब 90 लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दुर्भाग्य से 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इन 30 में से 25 की पहचान हो गई है और बाकी की पहचान होनी बाकी है। इनमें कर्नाटक के 4 लोग, असम का 1, गुजरात का 1 लोग शामिल है। 36 लोगों का स्थानीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर 1920 जारी किया गया है। इस समय सामान्य स्थिति है। अखाड़ों का अमृत स्नान सकुशल संपन्न कराया गया। (Mahakumbh Stampede Update)

भगदड़ को लेकर CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संगम तट पर एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ, जिसमें 90 से ज्यादा लोग घायल हुए है। इस घटना में करीब 30 लोगों की मौत हुई है और 36 घायलों का प्रयागराज में इलाज चल रहा है। बचे घायलों को उनके परिवार के लोग लेकर चले गए हैं। घटना दुखद है उन सभी परिजनों के प्रति हमारी पूरी संवेदना है। घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के प्रति मेरी विनम्र श्रद्धांजलि है। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस घटना की पूरी जांच करवा करके हम इसकी तह में जाएंगे। इसके अलावा पुलिस के स्तर पर भी हम लोग इसकी अलग से जांच करवाएंगे कि ये घटना किन कारणों की वजह से हुई है। (Mahakumbh Stampede Update)

CM योगी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। न्यायिक आयोग इस पूरे मामले को देखकर एक समय सीमा के अंदर राज्य सरकार को अपनी रिपोर्ट देगा। असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यूपी सरकार कुंभ को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। घटना में जिन भक्तजनों की मृत्यु हुई है मैं उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उस घटना में असम के एक श्रद्धालु का भी निधन हुआ है। हम उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए यूपी सरकार के साथ संपर्क में हैं। (Mahakumbh Stampede Update)





