Google Analytics —— Meta Pixel

खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अमानक उत्पाद बेचने वाले 6 प्रतिष्ठानों पर 16 लाख 50 हजार का जुर्माना

Bemetara Food Department Action: छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानों और प्रतिष्ठानों के विरूद्ध जांच पड़ताल का अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। बेमेतरा जिले में खाद्य पदार्थों और खाद्य तेलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य और औषधि प्रशासन की टीम ने कई प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया और खाद्य तेलों समेत खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए। इस अभियान के तहत प्रतिष्ठित विक्रेताओं जैसे जय सुपर बाजार से लाल गुलाब कच्ची घानी सरसों तेल और नेहल सुपर बाजार से पतंजलि कच्ची घानी सरसों तेल के नमूने लिए गए। 

यह भी पढ़ें:- काम में लापरवाही बरतना पड़ा भारी, पाथरी ग्राम पंचायत के सचिव निलंबित

इन नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। गौरतलब है कि जिले में पूर्व में की गई जांच पड़ताल और परीक्षण में अमानक खाद्य पदार्थ विक्रय के मामले में 6 दुकानों और प्रतिष्ठानों पर 16 लाख 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की गई पूर्व जांच में छह मामलों में खाद्य पदार्थ अमानक पाए गए थे, जिसमें मुरारी फेमिली रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स, नवागढ़ चौक, बेमेतरा द्वारा बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट संचालन के लिए 4 लाख रुपए, मंडेला स्वीट्स, बेमेतरा द्वारा अमानक मिठाई बनाने के लिए 3 लाख रुपए, स्वाति एरकॉन प्रा. लि., कारेसरा द्वारा अमानक रेडवाइन के भंडारण के लिए 5 लाख रुपए, रामेश्वरी ट्रेडर्स, कंडरका द्वारा मिथ्याछाप धनिया पाउडर बेचने के लिए 1 लाख रुपए, अपना ढाबा, पिकरी, बेमेतरा द्वारा अमानक ग्रेवी बनाने के लिए 3 लाख रुपए और अश्वनी किराना, पड़कीडीह द्वारा अमानक अरहर दाल विक्रय के लिए 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। (Bemetara Food Department Action)

बलरामपुर में अवैध शराब पर प्रशासन सख्त

नगरीय और त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के दौरान शराब की अवैध बिक्री समेत परिवहन पर प्रतिबंध लगाने के लिए कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी एस.के. सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की ओर से जिले में लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों में 03 प्रकरणों पर कर्रवाई करते हुए 29 हजार 270 रुपए की अवैध शराब और एक ट्रक जब्त किया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया है कि थाना चांदो के अंतर्गत ग्राम बेंदो भदार निवासी लगरंसाय के पास से झारखंड राज्य की 16.26 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त किया गया है। इसी तरह थाना रामानुजगंज के अंतर्गत ग्राम जामवंतपुर निवासी करन पासवान के पास से झारखंड राज्य के 4.5 लीटर अवैध विदेशी शराब और 11 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त किया गया है। (Bemetara Food Department Action)

विकासखंड वाड्रफनगर के धनवार चेकपोस्ट में वाहन जांच के दौरान उत्तरप्रदेश में बिक्री के लिए लेबल लगा हुआ 9 लीटर विदेशी शराब जब्त किया गया। वाहन जांच में आरोपी वीरेन्द्र कुमार आत्मज शोभनाथ और राज कमल आत्मज शिवप्रताप सिंह निवासी कच्चा, थाना जेठवारा, जिला प्रतापगढ़(उत्तरप्रदेश) के पास से 06 बोतल ब्लैक डॉक और 06 बोतल सिग्नेचर कुल 09 लीटर विदेशी शराब बरामद कर आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण कायम कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी सूर्यवंशी ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन, सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और राष्ट्रीय-राजकीय राजमार्गों के किनारे संचालित होटल, ढाबा में शराब रखने, पीने और पीलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के संबंध में आबकारी नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 07831-299241 और टोल फ्री नंबर 14405 पर सूचित किया जा सकता है। (Bemetara Food Department Action)

Back to top button
error: Content is protected !!