Google Analytics —— Meta Pixel

महाराष्ट्र में लैंडस्लाइड से तबाह हुआ पूरा गांव, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 22

Maharashtra Landslide Update: महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। बता दें कि रायगढ़ में लैंडस्लाइड की वजह से पूरा गांव तबाह हो गया है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। NDRF के 5वीं बटालियन कमांडेंट एस.बी. सिंह ने बताया कि अब तक कुल 22 शव बरामद हो गए हैं। तेज बारिश और कम रोशनी के चलते हमने फिलहाल ऑपरेशन को निलंबित कर दिया है। इधर, महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने NDRF और स्थानीय लोगों के साथ मृतकों की बॉडी का अंतिम संस्कार किया। 

यह भी पढ़ें:- मणिपुर न्यूड वीडियो मामले अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर को किया आग के हवाले

बता दें कि भारी बारिश की वजह से 19 जुलाई को चट्‌टान का मलबा करीब 40 घरों पर गिरा था। इससे लैंडस्लाइड से घर पूरी तरह तबाह हो गए। वहीं भूस्खलन की घटना में मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। क्योंकि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इधर, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, पुणे और पालघर जिले में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के नांदेड़ के 12 गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण लगभग 1 हजार लोगों को निकाला गया है। (Maharashtra Landslide Update)

मुंबई और इसके उपनगरों के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। इससे कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। कोलाबा, मरीन लाइन्स, मुंबई सेंट्रल, भायखला, दादर, परेल, वर्ली, बांद्रा, कुर्ला, सायन, घाटकोपर, भांडुप, अंधेरी, मुलुंड, जोगेश्वरी, बोरीवली और दहिसर में रुक-रुक कर भारी बारिश हुई। रायगढ़ में 6 में से 3 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इनमें अंबा, सावित्री और पातालगंगा शामिल हैं।  अधिकारियों ने बताया कि कुंडलिका, गढ़ी और उल्हास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बाढ़ जैसे हालात के बीच महाराष्ट्र में NDRF की 12 टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही बारिश और बाढ़ को लेकर सरकार अलर्ट मोड पर है। (Maharashtra Landslide Update)

Back to top button
error: Content is protected !!