Google Analytics —— Meta Pixel

महतारी वंदन की 26वीं किश्त जारी, 68.48 लाख महिलाओं के खाते में ट्रांसफर हुए 641.62 करोड़ रुपए

Mahtari Vandan Yojana 2026: छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से राज्य की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 26वीं किश्त की राशि जारी की गई। इसके जारी होते ही हितग्राही महिलाओं के मोबाइल में खुशियों के नोटिफिकेशन की घंटी बज उठी। इस योजना के तहत राज्य की 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं को 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। लाभान्वित हितग्राहियों में 7773 महिलाएं नियद नेल्ला नार के योजना के गांवों की रहने वाली है।

यह भी पढ़ें:- RTE के तहत प्रवेश नहीं देने वाले निजी स्कूलों की मान्यता होगी रद्द, छत्तीसगढ़ सरकार ने दी चेतावनी

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए और महिलाओं की बेहतरी के लिए यह योजना मार्च 2024 में शुरू की गई थी। तब से लेकर अब तक हर महीने हितग्राही महिलाओं को एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि नियमित रूप से दी जा रही है। इस योजना के तहत अब तक हितग्राही महिलाओं को 16,881 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। बता दें कि इस योजना के अंतर्गत हितग्राही महिलाओं के केवाईसी पूरा किए जाने का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। केवाईसी की यह प्रक्रिया ई-गवर्नेस सर्विसेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से 3 अप्रैल से शुरू की गई है, जो 30 जून तक चलेगी। व्हीएलई की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवन और शहरी क्षेत्र में वार्ड कार्यालय में केवाईसी का काम हो रहा है। (Mahtari Vandan Yojana 2026)

Mahtari Vandan Yojana News

महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना की ऐसी हितग्राही महिलाओं से जिनका ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उनसे तत्काल ई-केवाईसी कराने की अपील की है, ताकि योजना की सहायता राशि बिना किसी व्यवधान के उनके खाते में पहुंच सके। महिला और बाल विकास विभाग के मुताबिक महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की संख्या 68,94,633 है, जिसमें से केवाईसी के लिए लंबित हितग्राहियों को छोड़कर 68,48,899 हितग्राहियों को 26वीं किश्त का भुगतान किया गया है। बता दें कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को नगद राशि देने का वादा किया था, जिसके चलते महिलाओं ने बीजेपी को बढ़-चढ़कर वोट दिया और प्रदेश में फिर बीजेपी की सरकार बन गई। सत्ता में आने के बाद बीजेपी ने अपना वादा पूरा किया और महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत राशि देना शुरू किया, जो लगातार जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!