Google Analytics —— Meta Pixel

मां शिवा प्लांट में बड़ा हादसा: इंडक्शन फर्नेस में उफान आने से 5 श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे

रायगढ़ : औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित ‘मां शिवा प्लांट’ में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट के इंडक्शन फर्नेस (गलने वाली भट्टी) में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आने के बाद खौलते हुए तरल पदार्थ का तेज उफान आया, जिसकी चपेट में आकर पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

दुर्घटना में घायल श्रमिक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:00 बजे घटित हुआ। झुलसे हुए श्रमिकों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डू यादव के रूप में की गई है। दुर्घटना के तुरंत बाद प्रबंधन और सहकर्मियों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ स्थित ओपी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

चिकित्सकों के अनुसार, प्रमोद सोनी और चौखट सिंह अधिक झुलसने के कारण गंभीर स्थिति में हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, शेष तीन श्रमिकों (शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डू यादव) का इलाज रायगढ़ के अस्पताल में ही जारी है।

पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और संयंत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण इंडक्शन फर्नेस में आई तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही हादसे की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

संयंत्र में औद्योगिक सुरक्षा मानकों एवं नियमों की अनदेखी हुई है या नहीं, प्रशासन इस बिंदु पर भी समीक्षा कर रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!