Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कहां सबसे ज्यादा और कहां सबसे कम हुई बारिश

Rain Alert in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। इस बीच उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने डीप डिप्रेशन का असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में औसतन 25 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 125 प्रतिशत ज्यादा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश की नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है, जबकि कुछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में बारिश के बीच आग का तांडव, ऑक्टोपस बार समेत चार दुकानें जलकर खाक, बाहर खड़ी गाड़ियां भी बनी शिकार

राहत की बात यह है कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश की मौसमी बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच गया है, हालांकि अब भी 13 जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय मानसून ट्रफ बीकानेर, मध्य प्रदेश, झारखंड होते हुए इस मौसम प्रणाली से जुड़ी हुई है। दोनों सिस्टम लगातार नमी खींच रहे हैं, जिसके कारण पूरे छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश हो रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब कोई मजबूत निम्न दबाव या डीप डिप्रेशन बनता है तो उसका असर सिर्फ एक-दो जिलों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाती हैं। फिलहाल यही स्थिति छत्तीसगढ़ में बनी हुई है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश

क्षेत्र बारिश (मिमी)
नवागढ़ 80
भाटगांव 70
पिथौरा 70
बिलाईगढ़ 70
सरायपाली 60
अर्जुदा 50
सोनाखान 50
शिवरीनारायण 50
गिधौरी 50
तुंदरा 50
सरसीवा 50
बसना 50
राजनांदगांव 50
लाल बहादुर नगर 40
चांपा 40
जांजगीर 40
पामगढ़ 40
नगरी 40
धमतरी 30
कुकरेल 30
पलारी 30
बम्हनीडीह 30
घरघोड़ा 30

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के लगभग सभी मौसम केंद्रों में बारिश रिकॉर्ड की गई। 312 में से अधिकांश केंद्रों पर 20 से 50 मिमी तक बारिश दर्ज हुई, जबकि करीब 50 केंद्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। चांपा में सर्वाधिक 110 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक छत्तीसगढ़ में 437.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 531.8 मिमी होना चाहिए था। यानी प्रदेश में अब भी सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि लगातार सक्रिय मौसम प्रणाली और पिछले कुछ दिनों की अच्छी बारिश के कारण बारिश का अंतर पहले की तुलना में कम हुआ है। कुछ दिन पहले तक प्रदेश में बारिश की कमी 21 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 18 प्रतिशत रह गई है। मौसम विभाग का मानना है कि अगर अगले दो दिनों तक बारिश का यही दौर जारी रहा तो प्रदेश की मौसमी बारिश सामान्य के और करीब पहुंच सकती है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार और महासमुंद में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

किन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश

जिला बारिश सामान्य से ज्यादा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ 691.3 मिमी 64% ज्यादा
बलौदाबाजार 626.8 मिमी 33% ज्यादा
महासमुंद 564.2 मिमी 20% ज्यादा

इन जिलों में कम बारिश

जिला कमी
सरगुजा 51% कम
कांकेर 48% कम
जांजगीर-चांपा 47% कम
जशपुर 47% कम
बेमेतरा 43% कम
बस्तर 41% कम
कोंडागांव 41% कम
सुकमा 41% कम

बता दें कि पिछले कुछ दिनों में बारिश बढ़ी है, लेकिन इन जिलों में अभी भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। मतलब लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में बारिश की कमी जरूर कम हुई है, लेकिन प्रदेश के सभी हिस्सों में समान स्थिति नहीं है। वर्तमान में 3 जिले सामान्य से ज्यादा बारिश की श्रेणी में हैं, जबकि 17 जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। वहीं 13 जिले अब भी कम बारिश की श्रेणी में शामिल हैं। मौसम विभाग का मानना है कि अगर अगले दो दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहता है तो कुछ और जिले भी सामान्य बारिश की श्रेणी में आ सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी।

बारिश के कारण बढ़ा खतरा

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। कई इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 23°C रह सकता है। शहर में कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।लगातार बारिश से प्रदेश के कई नदी-नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के दौरान छोटे पुलों और पुलियों के ऊपर से पानी बह सकता है। ऐसे में लोगों को जोखिम उठाकर नदी या नाले पार नहीं करने चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के दौरान सबसे ज्यादा हादसे उफनते नालों को पार करने और खुले जगहों पर बिजली गिरने की घटनाओं में होते हैं। इसलिए खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। (Rain Alert in Chhattisgarh)

इन बातों का रखें ध्यान

  • गरज-चमक के दौरान खुले मैदान या खेत में काम न करें।
  • पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
  • उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें।
  • जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।
  • मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
  • अनावश्यक यात्रा से बचें और बच्चों को नदी-नालों के आसपास न जाने दें।

अगले दो दिन अहम

मौसम विभाग का कहना है कि डीप डिप्रेशन का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अगर यह सिस्टम उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ता है तो कई जिलों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। ऐसे में अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, जबकि आपदा प्रबंधन और राहत दलों को भी संवेदनशील इलाकों में तैयार रहने को कहा गया है। लगातार हो रही बारिश से जहां किसानों को खरीफ फसलों के लिए राहत मिली है, वहीं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। आने वाले दो दिनों में मौसम का मिजाज प्रदेश की स्थिति तय करेगा। (Rain Alert in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!