रायपुर में अवैध उर्वरक और बीज का बड़ा भांडाफोड़: 531 क्विंटल उर्वरक, 7.60 क्विंटल बीज जब्त
रायपुर: कृषि विभाग की टीम ने अवैध एवं प्रतिबंधित कृषि सामग्रियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटीबंध स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के एक गोदाम में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कीटनाशक, गैर-पंजीकृत कृषि रसायन, अवैध बीज और खाद बरामद की गई।
रविंद्र कुमार मित्तल के गोदाम पर छापा
कृषि विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित और अवैध कृषि सामग्री का भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद संचालक कृषि और कलेक्टर रायपुर के निर्देश पर राज्य व जिला स्तरीय कृषि निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर में लकी इंडस्ट्रीज के पास स्थित रविंद्र कुमार मित्तल के गोदाम में दबिश दी।
355.92 क्विंटल प्रतिबंधित व अवैध कीटनाशक बरामद
जांच के दौरान गोदाम से कुल 355.92 क्विंटल और 12,173 लीटर अवैध कृषि रसायन मिले। इनमें प्रतिबंधित कीटनाशक ‘फोरेट 10 जी’ और गैर-पंजीकृत रसायन ‘नाइट्रोबेंजीन 35%’ शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये कीटनाशक मानव, पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक हैं। गोदाम में इनकी अवैध पैकिंग का काम भी चल रहा था। मामले की कानूनी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है।
531.10 क्विंटल अवैध उर्वरक और 7.60 क्विंटल बीज जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने 22 प्रकार के कुल 531.10 क्विंटल अवैध उर्वरक और 7.60 क्विंटल अवैध बीज जब्त कर सुपुर्दगी में लिया।
कड़ी कार्रवाई की तैयारी
कृषि विभाग ने बीज एवं उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत पूरे मामले की रिपोर्ट Collector रायपुर को सौंप दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कानूनों के प्रावधानों के तहत दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े :- अटल जी के संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ को दी नई पहचान: मुख्यमंत्री साय



